जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त विजया जाधव के निर्देश पर शहर में साकची गोलचक्कर, गोलमुरी चौक, जुगसलाई पुलिस स्टेशन, बिषटुपुर छप्पन भोग के पास एवं मानगो चौक के पास ट्रैफिक जांच के साथ ही मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान युवा मतदाताओं के नामों का निबंधन भी किया गया. इसके अलावा अभियान के दौरान मतदाताओं के मतदाता पहचान पत्रों को उनके आधार कार्ड से लिंक करने का काम भी किया गया. जिनके पास वोटर कार्ड एवं आधार कार्ड पास में नहीं थे, उन्हें ऑनलाइन खुद आधार लिंक करने की प्रक्रिया भी समझायी गई. (नीचे भी पढ़ें)

अभियान के दौरान अक्तूबर 2005 से पूर्व की जन्मतिथि एवं आयोग से प्राप्त अर्हता तिथि, 01 अप्रैल 2023, 01 जुलाई 2023 या 01 अक्तूबर 2023 में से किसी तिथि को 18 वर्ष की आयु प्राप्त करनेवाले सभी युवाओं के नाम भी मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए फॉर्म फॉर्म-6 भरने के लिए जागरूक किया गया. इसी तरह मृत लोगों के नाम मतदाता सूची से हटवाने के लिए फॉर्म 7 व एनआरआइ के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फॉर्म 6ए भरने की जानकारी भी दी गयी. मतदाता सूची में किसी तरह के संशोधन के लिए फॉर्म 8 भर कर जमा कराने या स्वयं ऑनलाइन, वोटर हेल्पलाइन एप या एनवीएसपी पोर्टल से आवेदन करने के लिए भी जागरूक किया गया.







