जमशेदपुर: जमशेदपुर में एक तरफ मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त है. वहीं दूसरी ओर बुधवार को एक अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला जहां छायानगर में बने जेएनएसी के आश्रय गृह में अचानक किन्नरों ने धावा बोल दिया और आश्रय गृह में रह रहे बुजुर्गों को बाहर का रास्ता दिखा दिया. किन्नरों का कहना है कि जिला प्रशासन द्वारा इस स्थल को उन्हें अलॉट किया गया है. उन्होंने जुस्को से कहकर इसे महिला किन्नरों के हिसाब से दुरुस्त कराया है. (नीचे भी पढ़े)

मगर जेएनएसी जबरन यहां बुजुर्गों को रखकर उनका अधिकार छीन रहा है. किन्नरों ने साफ कर दिया है कि चाहे कुछ भी हो वे इस आश्रय गृह को खाली नहीं करेंगी. उन्होंने खुद के सुरक्षा का हवाला देते हुए उक्त आश्रय गृह में कब्जा कर लिया. जब किन्नरों से पूछा गया कि यहां रह रहे बुजुर्ग कहां जाएंगे तो उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यह मामला जेएनएसी का है वहीं समझे. विदित हो कि उक्त आश्रय गृह में करीब 19 बुजुर्ग रह रहे हैं. अचानक से किन्नरों द्वारा कब्जा कर लेने से उनके सर से छत छिन गया है. इधर आश्रय गृह की संचालिका ने बताया कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है कि किन्नरों को यह भवन कब और किन परिस्थितियों में अलॉट किया गया है. अब सवाल यह उठता है कि यहां रह रहे बुजुर्ग आखिर जाए तो कहां जाए.



