
जमशेदपुर : धालभूम (जमशेदपुर) के अनुमंडल अधिकारी (एसडीओ) रहे आलोक कुमार का फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बना लिया गया है. इसकी जानकारी उन्हे तब हुई जब फर्जी अकाउंट बनाने वाले ने भाजपा के जिला महामंत्री अनिल मोदी के पास उनका फ्रेंड रिक्वेस्ट आया. जैसे ही उन्होंने फ्रेंड रिक्वेस्ट एक्सेप्ट किया वैसे ही फर्जी अकाउंट बनाने वाले ने अनिल मोदी को अपने झांसे में लेकर 15 हजार रूपए की मांग कर दी. अनिल मोदी को शक होने पर उन्होंने सभी को इस मामले की जानकारी दी. अनिल मोदी ने बताया कि आलोक कुमार की तस्वीर और नाम का इस्तेमाल कर फेसबुक अकाउंट बना लिया गया था. उन्हे फ्रेंड रिक्वेस्ट आया. उन्होंने जैसे ही फ्रेंड रिक्वेस्ट एक्सेप्ट किया तो अकाउंट बनाने वाले ने 15 हजार रुपए की मांग की. इस पर उन्हे शक हुआ तो उन्होंने कहा की खाते में तो बस 1700 रुपए ही है. इस पर ठग ने तुरंत 1500 रु भेजने को कहा. ठग ने अपना गूगल पे का नंबर भी दिया. उन्होंने तुरंत आलोक कुमार को मामले की जानकारी दी. आलोक कुमार फिलहाल रांची में पदस्थापित है.
मोबाइल नंबर बंद होने के झांसे में लेकर साइबर ठगों ने खाते से उड़ाए डेढ़ लाह रुपए
जमशेदपुर के कदमा स्थित विजया हैरिटेज निवासी रमेश प्रसाद शुक्ला को साइबर ठगों ने मोबाइल नंबर बंद होने की बात कह अपने झांसे में लेकर डेढ़ लाख की ठगी कर ली. इस मामले में पीड़ित रमेश प्रसाद ने बिष्टुपुर स्थित साइबर अपराध थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. उन्होंने पुलिस को बताया कि 22 मई की शाम को उनके मोबाइल पर फोन आया. फोन करने वाले ने कहा कि उनके मोबाइल का केवाईसी नहीं हुआ है जिस कारण उनका मोबाइल नंबर बंद कर दिया जाएगा. उन्होंने रमेश को बताया कि 10 रुपए का रिचार्ज करने पर केवाईसी कंप्लीट कर दी जाएगी. इसके लिए ठगों ने एक लिंक भेजा. लिंक को क्लिक करने के बाद जानकारी भरते ही उनके मोबाइल से कई बार में डेढ़ लाख रुपए कट गए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. इसके पूर्व धालभूम रोड निवासी एलआईसी के एजेंट के खाते से लगभग चार लाख की ठगी कर ली गई थी.












