जमशेदपुर : साकची थाना पुलिस ने रविवार को एक ही स्थान पर वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. हालांकि इस संबंध में किसी को पकड़ा नहीं जा सका है. पुलिस अब चेकिंग वाले स्थान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से वहां तक बाइक लानेवालों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि साकची थाना पुलिस वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी दो युवक एक बाइक पर सवार होकर तेजी से उस इलाके से गुजरते दिखे. पुलिस के रोकने पर दोनों युवकों ने बाइक रोक कर कागजात दिखाने के बहाने बहस करने लगे. इसी दौरान वे मौका पाकर बाइक वहीं छोड़ कर फरार हो गए. पुलिस ने जब बाइक की जांच की तो मामला संदिग्ध लगा. मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तुरत बाइक के इंजन और चेसिस नंबर का मिलान कराया, जिससे स्पष्ट हो गया कि बाइक चोरी की है. हैरान करने वाली बात यह रही कि बाइक पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी. जांच में यह भी पता चला कि चोरी की बाइक नंबर बदलकर प्रयोग की जा रही थी. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद पुलिस ने वहां मौजूद अन्य संदिग्ध वाहनों की भी जांच शुरू कर दी, जिसमें एक और बाइक को कब्जे में लिया गया, जो जांच में चोरी की पाई गई. इस प्रकार पुलिस ने एक ही दिन में चोरी की दो बाइक बरामद की हैं. पुलिस फिलहाल दोनों बाइकों को थाना लाकर मामले की छानबीन कर रही है. इसके साथ ही पुलिस घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से दोनों बाइकों को वहां लाने वालों की पहचान की कोशिश भी कर रही है.



