
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाने में अनोखे चोरी का मामला प्रकाश में आया है. जहां सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मिथिला उच्च विद्यालय प्रबंधन की ओर से विद्यालय परिसर में लगे फलदार पेड़ों को चोरों द्वारा काटकर फल चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई है. इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन की ओर से बताया गया कि अक्सर विद्यालय में इस तरह की घटनाएं होती रहती है. चोर दीवार फांद कर स्कूल में प्रवेश करते हैं, और विद्यालय में लगे पपीते एवं केले के फलों को चुरा ले जाते हैं. वैसे इस बार मामला गंभीर इसलिए है, कि इस बार चोर न केवल पपीते का फल अपने साथ ले गए, बल्कि पपीते के पेड़ों को भी काट कर गिरा दिया. फिलहाल सोनारी थाना पुलिस अनोखे चोरी का मामला दर्ज करते हुए तफ्तीश में जुट गई है. वैसे विद्यालय प्रबंधन ने यह आशंका भी जताई है, कि इस पर अगर लगाम नहीं लगाया गया, तो भविष्य में चोर विद्यालय की संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं.







