
जमशेदपुर : एक सप्ताह में यदि टाटा स्टील यूटिलिटीज (पहले जुस्को) ने जमशेदपुर के केबुल बस्ती के डीएस फ़्लैट इलाक़ा में पेयजल आपूर्ति करना शुरू नहीं किया तो बस्तीवासी जल सत्याग्रह करेंगे. बस्तीवासी स्वयं पाइप बिछाकर पानी का कनेक्शन कर लेंगे और जुस्को के पास वाजिब शुल्क जमा करा देंगे. विधायक सरयू राय ने इस आशय की जानकारी शुक्रवार को जुस्को प्रबंधन को दे दिया है और कहा है कि वे सप्ताह भर में पानी का कनेक्शन जोड़ दें. बस्तीवासी शुक्रवार की सुबह बड़ी संख्या में विधायक कार्यालय आये थे. इसके बाद श्री राय ने शुक्रवार की ही शाम 4 बजे केबुल बस्ती का दौरा किया और बस्तीवासियों के साथ बैठक कर जल सत्याग्रह करने का निर्णय लिया. श्री राय ने कहा कि गत एक साल से जुस्को उनको भी और बस्तीवासियों को भी आश्वासन देते आ रहा है कि तीन दिन में, चार दिनों में जलापूर्ति शुरू हो जायेगी पर वे तीन दिन, चार दिन आज तक नहीं आए. इस बीच जुस्को ने पाईप बिछा दिया, अनेक लोगों को कनेक्शन फार्म बांट दिया, पर न तो पाईप लाईन में पानी छोड़ा और न ही घरों तक कनेक्शन जोड़ा. अब जुस्को के अधिकारी कह रहे हैं कि वैधानिक अड़चन आ गई है. केबुल कंपनी का मुक़दमा एनसीएलटी में चल रहा है. वहां से एनओसी लेने की प्रक्रिया चल रही है. श्री राय ने कहा है कि जो भी प्रक्रिया चल रही है, जुस्को उसे एक सप्ताह में पूरा कर ले. बस्तीवाले अब अधिक इंतज़ार नहीं करेंगे. इस जल सत्याग्रह में वे भी जनता के साथ रहेंगे. आश्चर्य है कि केबुल टाउन में चौड़ी सड़क बनाने में, पेयजल आपूर्ति पाइपलाइन डालने में जुस्को को एनओसी नहीं लेनी पड़ी. अब जब पाईपलाइन में पानी छोड़ने और घरों में कनेक्शन देने में उन्हें एनओसी की याद आने लगी है. जुस्को पाईपलाइन में पानी छोड़े, लाभुको के घरों में कनेक्शन करें और अपना वाजिब शुल्क ले. बस्तीवाले शुल्क देंगे और पानी लेंगे. इसमें और अधिक विलम्ब नहीं होना चाहिये.




