जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के बजरंगनगर में बुधवार शाम वर्चस्व की लड़ाई खूनी संघर्ष में बदल गयी. दो गुटों के बीच हुए इस हमले में चापड़ से वार किए गए, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4:30 बजे बजरंगनगर निवासी प्रकाश सिंह उर्फ बंटी अपने घर के बाहर बैठे थे. तभी राहुल सिंह उर्फ केला अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और अचानक चापड़ से हमला कर दिया. इस हमले में प्रकाश के सिर पर गंभीर चोट लगी. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी और हमलावर मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही प्रकाश के दामाद सन्नी चौधरी अपने भाई सूरज चौधरी के साथ आकाश सिंह के घर पहुंचे. (नीचे भी पढ़ें)
वहां आकाश सिंह पर भी ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिससे उसके सिर, छाती, पेट और पीठ पर गंभीर जख्म हो गए. हालत बिगड़ने पर उसे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उसका ऑपरेशन हुआ. अधिक खून बहने के कारण उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सन्नी चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है.














