जमशेदपुर : मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जाकिरनगर से पारिवारिक संपत्ति विवाद का एक मामला सामने आया है. एक बुजुर्ग महिला और उनकी बेटी ने अपने ही बेटे पर मारपीट, प्रताड़ना और करंट लगाकर परेशान करने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए दोनों सोमवार को जमशेदपुर एसएसपी कार्यालय पहुंचीं और कार्रवाई की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़िता की बेटी रोशन आरा ने बताया कि परिवार में घर, ज़मीन और संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है. उनका आरोप है कि पहले भी बेटे को संपत्ति बेचकर पैसे दिए जा चुके हैं, लेकिन अब वह बची हुई पूरी संपत्ति पर अकेले अधिकार चाहता है. वहीं बुजुर्ग मां का कहना है कि उनकी छह बेटियां भी हैं, इसलिए वह पूरी संपत्ति केवल एक बेटे के नाम नहीं कर सकती. उनका आरोप है कि इसी बात को लेकर उनके साथ मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और करंट लगाकर नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई. (नीचे भी पढ़ें)
मां-बेटी का यह भी आरोप है कि उन्होंने कई बार आजादनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इसी वजह से वे एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय और सुरक्षा की मांग कर रही हैं. हालांकि, यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि बेटे पर लगाए गए सभी आरोप फिलहाल बुजुर्ग महिला और उनकी बेटी के आरोप हैं. आरोपी बेटे का पक्ष अभी सामने नहीं आया है. मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और दोनों पक्षों की बात सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.




