जमशेदपुर : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में बुधवार को नयी दिल्ली स्थित एविएकुल अनमैंड सिस्टम्स एलएलपी के सहयोग से ‘फंडामेंटल्स ऑफ ड्रोन टेक्नोलॉजी एंड इट्स एप्लीकेशंस’ पर एक कार्यशाला आयोजित की गयी. कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित सत्र में जमशेदपुर के एसएसपी प्रभात कुमार मुख्य अतिथि थे. इस सत्र की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई. जबकि मुख्य वक्ता श्रेयस भार्गव एवं वैभव वरुण ने ड्रोन प्रौद्योगिकी के बुनियादी सिद्धांतों पर प्रकाश डाला. (नीचे भी पढ़ें)
मुख्य अतिथि, एसएसपी प्रभात कुमार ने कार्यशाला की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए इस बात पर जोर दिया कि मन की कंडीशनिंग को कैसे तोड़ा जाए और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रयास किए जाएं. उन्होंने अपने प्रेरक उद्बोधन से स्पष्ट किया कि संघर्ष ही सफलता की कुंजी है. उन्होंने शिक्षकों, पुस्तकालयों आदि के रूप में अपनी पहुंच के भीतर उपलब्ध संसाधनों का लाभ उठाने की सलाह दी. उनके अनुसार छात्र जीवन के समय अपनी रुचि के अनुसार प्राथमिकता पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि अन्य प्राणियों समेत दूसरे व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील रहते हुए अच्छा इंसान बनना महत्वपूर्ण और सफलता के लिए भी अति आवश्यक है.(नीचे भी पढ़ें)
कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता ने अपने अध्यक्षीय भाषण में सूचना क्रांति के इस युग में सूचना के प्रसार की आवश्यकता की चर्चा की. उन्होंने छात्रों के लाभ के लिए ड्रोन प्रौद्योगिकी में एक सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने के लिए एवियाकुल के साथ एक समझौता ज्ञापन की संभावना तलाशने की बात कही.(नीचे भी पढ़ें)
एसएसपी प्रभात कुमार के जमशेदपुर शहर में नशा मुक्ति अभियान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी के सिदगोड़ा कैंपस के आसपास इस अभियान ने छात्राओं की सुरक्षा का मार्ग प्रशस्त किया है. एसएसपी प्रभात कुमार ने ऑडिटोरियम में कुशलता पूर्वक ऑडिटोरियम में ड्रोन भी उड़ाया. एसएसपी प्रभात कुमार का दक्षता और कुशलता पूर्वक ऑडिटोरियम में ड्रोन उड़ाना उद्घाटन सत्र की प्रमुख विशेषता रही.(नीचे भी पढ़ें)
इस सत्र के लिए डीएसडब्ल्यू डॉ किश्वर आरा, एफओ डॉ जावेद अहमद, परीक्षा नियंत्रक डॉ रमा सुब्रमण्यम, वाणिज्य डीन डॉ दीपा शरण एवं सभी डीन, सीवीसी डॉ अन्नपूर्णा झा, खेल और सांस्कृतिक निदेशक डॉ सनातन दीप, डीओ डॉ सलोमी कुजूर, सभी विभागाध्यक्ष सभी संकाय सदस्य, शिक्षकेतर कर्मी व अन्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग की प्राध्यापिका डॉ. नूपुर अन्विता मिंज ने किया.



