
जमशेदपुर : कोल्हान के इकलौते सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल एमजीएम फिर से अपनी बदइंतजामी को लेकर सुर्खियों में है. जहां रविवार को इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों के नहीं रहने पर परिजनों ने जमकर बवाल काटा. सूचना पर पहुंचे भाजपा नेता विमल बैठा ने इस संबंध में एमजीएम अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है. बताया जा रहा है कि शनिवार की रात चांडिल थाना अंतर्गत एनएच- 33 पर हुए हादसे में टेल्को को खड़ंगाझाड़ निवासी टेलर चालक भोला सिंह 70 फीसदी जल गए थे. स्थानीय लोगों के सहयोग से चांडिल थाने की पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया था. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं सूचना मिलते ही परिजन भी एमजीएम अस्पताल पहुंचे. जहां इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों के उपलब्ध नहीं रहने पर परिजनों द्वारा जमकर हंगामा किया गया. लगभग 40 मिनट के बाद इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सक आये. वहीं जानकारी मिलते ही भाजपा नेता विमल बैठा अस्पताल पहुंचे और अधीक्षक उपाधीक्षक से इस संबंध में शिकायत की. उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि लगातार एमजीएम अस्पताल की लापरवाही देखने को मिल रही है. ऐसे में आम लोग जाएं तो जाएं कहां.



