हजारीबाग: हजारीबाग में बुधवार सुबह बरही थाना क्षेत्र के गांगटाही पुल के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई. इस दुर्घटना में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों में एक महिला, एक पुरुष और एक बच्ची शामिल हैं.
मृतकों की पहचान पूनम देवी (पति श्रीनाथ यादव), जय भगवान यादव (पिता श्रीनाथ यादव) और अंशिका कुमारी के रूप में हुई है. कार में कुल 10 लोग सवार थे, जो सभी पश्चिम बंगाल के कुल्टी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
दुर्घटना में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों में ज्योति कुमारी (24 वर्ष, पति जय भगवान यादव), शुभम यादव (6 वर्ष), अभिराज यादव (10 वर्ष), मृत्युंजय यादव (8 वर्ष), धर्मेंद्र यादव (35 वर्ष, पिता श्रीनाथ यादव) और कौशल्या देवी शामिल हैं. फिलहाल सभी का इलाज पास के अस्पताल में चल रहा है.



