चाकुलिया: चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है. पंचायत क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक और संवेदनशील स्थानों पर कुल 32 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. इस परियोजना को क्षेत्र में अपराध दर कम करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. नगर पंचायत अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर उन सभी मुख्य चौराहों, बाजार क्षेत्रों, बस स्टैंडों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों को चिह्नित कर लिया है, जहां कैमरों की सबसे अधिक आवश्यकता है. (नीचे भी पढे़ं)
बिरसा चौक के पास चार, बेंद रोड पर स्थित भारत पेट्रोलियम चेक पॉइंट के पास दो, कमारीगोड़ा पक्का घाट तालाब के पास एक, बस स्टैंड चौक के पास दो, हाट चाली के पास एक, रेलवे अंडरपास में दो, केदारनाथ झुनझुनवाला उच्च विद्यालय मैदान चौक पर दो, नागा बाबा मंदिर में तीन, गोशाला चौक में दो, सुभाष चौक में तीन, रेलवे स्टेशन चौक में एक, रेलवे स्टेशन मुख्य गेट के पास चार, रानी सती मंदिर के पास दो और शिल्पी महल के पास एक कैमरे लगाए जाए जाएंगे. इन 32 अत्याधुनिक कैमरों की फुटेज की लगातार निगरानी थाना से की जाएगी. अधिकारियों का मानना है कि यह 24 घंटे की मॉनिटरिंग किसी भी चोरी, दुर्घटना या अन्य आपराधिक गतिविधि की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगी.



