
रांची : झारखंड में बैंकों के कर्मचारियों के कोरोना पोजिटिव होने की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्टेट लेबल बैंकर्स कमेटी (एसएलबीसी) की बैठक हुई. इस बैठक में कई फैसले लिये गये. इसके तहत तय किया गया कि 22 अप्रैल से 30 अप्रैल तक झारखंड के बैंकों में कामकाज सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगी. इसके बाद 30 अप्रैल को एसएलबीसी की बैठक फिर से होगी, जिसमें आगे क्या करना है, उस पर फैसला लिया जायेगा. इसके तहत तय किया गया है कि जो भी प्रशासनिक दफ्तर बैंक के है या शाखाएं है, उसमें 50 फीसदी कम कर्मचारियों को ड्यूटी पर बुलाया जायेगा. बैकिंग सेवा भी ठप ना हो और संक्रमण पर भी कंट्रोल किया जा सके. यह भी तय किया गया है कि सारे एटीएम कैश लोडिंग वेंडर्स, डाटा सेंटर के ऑफिस, बैंक ट्रेजरी ऑफिस, क्लीयरिंग हाउस, सर्विस ब्रांच, एटीएम बैक ऑफिस सबको चालू रखा जायेगा. वैसे कर्मचारी जो डाइबिटीज से पीड़ित है, गर्भवती महिलाएं है, अपंग है, बच्चों के साथ रहते है, वैसे कर्मचारियों को घर से काम करने को कहा जायेगा. सभी तरह के ट्रेनिंग, सेमिनार, मीटिंग ऑनलाइन भी होंगे. कैश को लेकर दिक्कतें नहीं हो और संक्रमण की रफ्तार भी रोका जाये, इसको लेकर फैसला लिया गया. बैंकों में मास्क के बगैर किसी की इंट्री नहीं दी जायेगी, सैनिटाइजर का इंतजाम रहेगा और सारे सुरक्षा मानकों का पालन किया जायेगा. बैंक के सारे ग्राहकों को कहा गया है कि वे लोग डिजिटल बैंकिंग को अपनाये ताकि संक्रमण को रोका जा सके. किसी आपात स्थिति में ही शाखा में आये.














