
लोहरदगा : लोहरदगा जिले के सुदूरवर्ती सेन्हा थाना क्षेत्र के उगरा ग्राम स्थित बिसाही जंगल में मंगलवार रात युवक-युवती का शव बरामद की गई है. हालांकि अभी तक शव की पहचान नहीं हो सकी है, परंतु दोनों ही शव एक के ऊपर एक रखे हुए हैं. पुलिस सूत्रों की माने तो प्रथम दृष्टया में युवक-युवती की हत्या कर शवों को जलाने की कोशिश करने का मामला है. इसमें युवती-युवती का पोशाक जला हुआ है. शव देखने से दो-तीन दिन पहले के प्रतीत हो रहे हैं. (नीचे देखे पूरी खबर)

आश्चर्य की बात है कि शव को जलाने के लिए आग की नहीं, बल्कि ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल किया गया है. फिलहाल पूरे मामले को लेकर पुलिस कुछ भी कहने से परहेज कर रही है. शव मिलने की पुष्टि एसपी आर रामकुमार ने की है. उन्होंने कहा कि जंगल में पेड़ के नीचे शव मिलने की सूचना पर डीएसपी परमेश्वर प्रसाद के साथ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को घटना स्थल पर भेजा गया है. शवों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. आबादी से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में इस प्रकार से दो शवों के मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. स्थानीय लोगों ने जंगल में एक ही साथ पेड़ के नीचे शव देखकर इसकी सूचना सेन्हा थाना पुलिस को दी थी. सूचना मिलने के साथ हीं दल-बल के साथ मौके पर डीएसपी परमेश्वर प्रसाद, सेन्हा थाना प्रभारी सूरज प्रसाद, बीडीओ अशोक कुमार चोपड़ा, सीओ विजय कुमार पहुंचे और शव की पहचान कराने के साथ पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. अंधेरा होने की वजह से पुलिस को जांच में परेशानी आ रही है. शवों की पहचान होने के बाद पुलिस आगे की पड़ताल करेगी. फिलहाल पुलिस की ओर से पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है. पुलिस ने घटना स्थल से कुछ दूरी पर से जेएच 08 ई 9092 गैलाइमर बाइक, घटना स्थल से 200 मीटर की दूरी पर से दो मोबाइल तथा बाइक का चाभी पुलिस ने बरामद किया है. घटना की जांच में पुलिस जुट गई है.






