रांची : भोपाल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रांची पटना वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई. ट्रेन सुबह 10:53 बजे पटना के लिए रवाना हो गई. हर स्टेशन पर ट्रेन के स्वागत में फूल बरसाए गए. ट्रेन को पायलट के बालमुचू चला रहे है, साथ ही लोको पायलट मनोज कुमार और ट्रेन के मैनेजर अशोक पांडेय है. कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, परिवहन मंत्री चंपई सोरेन, सांसद महुआ माजी, दीपक प्रकाश, संजय सेठ, जयंत सिन्हा, अन्नापूर्णा देवी समेत काफी लोग रेलवे स्टेशन पहुंचे. बताते चले कि यह झारखंड बिहार की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस है. रांची से पटना और पटना से रांची पहुंचने में 6 घंटे का समय लगेगा. 28 जून से वंदे भारत नियमित रुप से चालू हो जाएंगी. ट्रेन का परिचालन दोनों ओर से सप्ताह में 6 दिन होगा. मंगलवार को ट्रेन का परिचालन नहीं होगा. पटना से रांची आने वाली वंदे भारत ट्रेन का नंबर 22349 है. (नीचे भी पढ़ें)

जो पटना से सुबह 7 बजे खुलेगी. वहीं रांची से पटना जाने वाली ट्रेन का नंबर 22350 है और यह रांची स्टेशन से शाम 4:15 बजे खुलेगी. प्रधानमंत्री मोदी ने भोपाल से एक साथ पांच वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. इसमें रांची पटना, खजुराहो से भोपाल के रास्ते इंदौर, जबलपुर से इंदौर, धारवाड़ से बेगलुरु, गोवा के मडगांव से मुंबई के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलेगी. ट्रेन में विभिन्न स्कूल के दसवीं से बारहवीं तक के 100 छात्रों को भी यात्रा करने का अवसर मिला. इनमें से कई बच्चों ने प्रधानमंत्री मोदी की पेंटिंग बनाई और उन्हें अपना रोल मॉडल बताया. जहां तक बात करें इसके किराया की तो रांची से पटना का एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 2110 रुपए और चेयर कार का 1175 रुपए तो वहीं पटना से रांची के लिए एग्जीक्यूटिव क्लास का 1930 रुपए और चेयर कार का किराया 1025 रुपए तय किया गया है.












