
दुमका: झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने दुमका में उनके खिलाफ दर्ज हुए केस के बाद मीडिया के साथ फिर अपने बयान को दोहराया. श्री प्रकाश ने कहा कि भाजपा वहीं बोलती है और करती है, जो जनता चाहती है. जनता चाह रही है कि दस माह की सरकार अब बदल दी जाये क्योंकि सरकार से जनता को कोई लाभ नहीं है, अलबत्ता जनता त्राहिमाम है. इस कारण केस करने से वे लोग डरने वाले नहीं है. केस करने से धमकाने की अगर कोई बात कर रहा है तो यह चलने वाला नहीं है. ऐसे पदाधिकारियों को जरूर हम लोग देख रहे है, जो सरकार के गोद में बैठकर खेल रहे है. इसमें कोई शक नहीं है, सरकार तीन माह में गिरेगी तो हर हाल में गिरेगी, यह जनता ही चाहती है. इस बीच भाजपा में शामिल हो चुके सूरज मंडल ने भी दुमका में चुनाव प्रचार किया.

भाजपा नेता, पूर्व सांसद व झारखंड आंदोलन में शिबू सोरेन के साथी रहे सूरज मंडल ने सोरेन परिवार पर निशाना साधा. प्रेस वार्ता कर उन्होंने शुक्रवार को कहा कि शिबू सोरेन की उन बातों ने हमेशा उन्हें तकलीफ पहुंचायी है, जिसमें वे यह कहते हैं कि हमने झारखंड राज्य को अलग कराया, जबकि हम दोनों ने मिलकर कई मुकदमा झेलकर अलग राज्य की लड़ाई लड़ी थी. भाजपा नेता सूरज मंडल ने कहा कि शिबू सोरेन झारखंड में 38 साल तक सांसद बने रहे हैं. अपने कार्यकाल के 38 कामों को वे नहीं बता सकते. आज हेमंत सोरेन स्थानीयता की बात करते हैं, लेकिन उनके खुद के मंत्रिमंडल में कई मंत्री बाहरी हैं, जिसमें एक मिथिलेश ठाकुर भी शामिल हैं. भाजपा नेता सूरज मंडल ने कहा कि शुरूआत के समय में शिबू सोरेन के पांच भाइयों को मिलाकर 6 एकड़ जमीन थी, लेकिन आज के समय में उनके पास 16 सौ एकड़ जमीन कहां से आयी. उन्होंने कहा कि सोरेन परिवार के पास इतनी संपति है कि गिनती मुश्किल है.












