
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार, 6 सितंबर को मेराल भागोडीह स्थित 132/33 केवी ग्रिड सब स्टेशन का उद्घाटन किया. वहीं नगरउंटारी भवनाथपुर स्थित 132/35 केवी ग्रिड सब स्टेशन के शिलान्यास के साथ ही छतरपुर पलामू में बनने वाले 132/33 केवी ग्रिड सब स्टेशन का भी शिलान्यास किया. सभी कार्यक्रम ऑनलाइन किये गये. उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम प्रोजेक्ट भवन से किये गये. मौके पर भागोडीह से पेयजल मंत्री मिथिलेश ठाकुर सहित प्रोजेक्ट भवन से मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव विनय चौबे, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव अविनाश कुमार सहित अन्य महत्वपूर्ण अधिकारी शामिल थे. ऊर्जा सचिव ने कहा कि आज का महत्वपूर्ण दिन है. उस इलाके के लिए जहां विद्युत् आपूर्ति करना आसानी से संभव नहीं हो पा रहा था. हम बिहार और उत्तर प्रदेश पर निर्भर थे. आज यह निर्भरता समाप्त हो रही है. हमारा प्रयास होगा कि तय समय पर हम दो सब स्टेशन आम जनता को दे पायें. सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि आज जिस जगह उद्घाटन हो रहा है वो लंबे समय से इसके इंतजार में था. पानी और बिजली दो ऐसी जरूरतें हैं जिसने लंबे समय से पलामू प्रमंडल-गढ़वा जिले को प्रभावित करता रहा है. आम जन, किसान, स्कूल इन दो चीजों से प्रभावित न हो इसके लिए प्रयास किये जा रहे हैं. पलामू प्रमंडल की स्थिति कुछ ऐसी है कि बरसात के दिनों में भी इसे शेडो एरिया कहा जाता है. पर अब ऐसा नहीं होगा. राज्य सरकार पलामू प्रमंडल-गढ़वा जिले के लिए बड़ी कार्य योजना के साथ काम कर रही है. यह प्रमंडल और जिले का स्वरुप 24 महीने में बदलने वाला है. यहां जीआईएस तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है. यह लेटेस्ट तकनीक है. इस तकनीक के इस्तेमाल से सब स्टेशन में आने वाली गड़बड़ियों पर नियंत्रण रखा जा सकेगा. उन्होंने इस दौरान यह भी कहा कि गढ़वा जिले में वाटर एरिगेशन प्रोजेक्ट चल रहा है. इसके पूरा होने के बाद किसानों की आत्मनिर्भरता बढ़ेगी. उन्हें रोजगार के लिए दूसरे राज्य जाने की जरुरत नहीं होगी.





