रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन विधानसभा सत्र के बीच कई लोगों से मुलाकात की. झारखंड विधानसभा सभा कक्ष में हजारीबाग के अल्पसंख्यक बुद्धिजीवी समुदाय के एक प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात की. उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े मुद्दों एवं समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार हर वर्ग, तबके और समुदाय के विकास और कल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है. ऐसे में आपके द्वारा जो समस्याएं बताई गई है, उनके यथोचित निराकरण की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में रामकृष्ण मिशन आश्रम, मोरहाबादी, रांची के स्वामी भवेशानंद जी ने शिष्टाचार मुलाकात की. इस अवसर पर उन्होंने रामकृष्ण मिशन आश्रम के दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से गेतलसूद, रांची में 26 -27 फरवरी को आयोजित होने वाले कृषि मेला में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया. इसी तरह झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला ने औपचारिक मुलाकात की. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को एक यादगार तस्वीर सप्रेम भेंट की. उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि यह तस्वीर उस वक्त की है, जब दिशोम गुरु शिबू सोरेन और वे एक ही कार्यकाल में एक साथ सांसद थे. मुख्यमंत्री ने इस अति विशिष्ट तस्वीर भेंट करने के लिए श्री वाघेला का आभार जताया. इस मौके पर विधायक मथुरा प्रसाद महतो भी मौजूद थे.














