जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन से कीताडीह जाने वाले रास्ते से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई 19 फरवरी यानी गुरुवार को होगी. इस कार्रवाई को लेकर रेलवे की ओर से क्षेत्र में माइकिंग कर दी गयी है. वहीं, लोगों ने खुद से अपनी दुकानों को हटाना भी शुरू कर दिया है. दुकानदार तो हाईकोर्ट के आदेश का अनुपालन कर रही है, लेकिन रेलवे झारखंड हाईकोर्ट के आदेश की अवहेलना कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
हाईकोर्ट ने यह आदेश दिया था कि रेलवे 42 दिनों के भीतर उजड़ने वाले दुकानदारों को फिर से बसाने का जगह चिन्हित कर बताये. लेकिन अब तक वह जगह नहीं बताया गया है. गौरतलब है कि 22 जनवरी को हाईकोर्ट ने इस मामले में आदेश देते हुए स्टेशन चौक से कीताडीह की ओर सड़क किनारे वर्षों से बसे दुकानदारों को एक महीने की मोहलत दी थी. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही रेलवे को 42 दिनों के भीतर उन्हें रेलवे क्षेत्र में बसाने का निर्देश दिया गया था और तय समय के बाद रिपोर्ट दाखिल करने को कहा गया था. मामले की अगली सुनवाई अब 20 मार्च को निर्धारित है. इस बीच रेलवे इंजीनियरिंग विभाग पहले ही स्टेशन-कीताडीह रोड स्थित 25 दुकानों में से करीब एक दर्जन दुकानों को तोड़ा चुका है. बाकी दुकानदारों ने अदालत का रुख किया था, जिससे अभियान कुछ समय के लिए रुक गया था. (नीचे भी पढ़ें)
रेलवे स्टेशन विस्तार योजना के तहत कीताडीह और गोलपहाड़ी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की तैयारी पहले से चल रही थी. अब कोर्ट की समय सीमा पूरी होने के बाद कार्रवाई तेज होने की संभावना है. फिलहाल दुकानदारों और रेलवे की अगली पहल पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. यदि दुकानदार समय रहते दुकानें नहीं हटाते हैं, तो उनके सामने सुप्रीम कोर्ट जाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा.














