जमशेदपुर : झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) का चुनाव 18 मई को होने जा रहा है. इसको लेकर दो गुटों के बीच कड़ी टक्कर है. 18 मई को आहूत जेएससीए प्रबंधन समिति के चुनाव के लिए ‘द टीम’ के सभी प्रत्याशियों ने सोमवार को जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम परिसर में नामांकन दाखिल किया. ‘द टीम’ से नामांकन दाखिल करने वाले वालों में अध्यक्ष पद पर रांची के अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष पद पर संजय पांडेय, सचिव पद पर सौरभ तिवारी (पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर), सहसचिव पद पर शाहबाज नदीम (पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर), कोषाध्यक्ष पद पर अमिताभ घोष, मैनेजिंग कमेटी संजय जैन, रमेश कुमार, मिहिर प्रीतेश तोपनो, परवेज खान, रत्नेश कुमार सिंह, स्कूल एंड क्लब रिप्रेजेंटेटिव के तौर पर उमा महेश्वर राव ने अपनी दावेदारी पेश की है. द टीम से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अजय नाथ शाहदेव ने बताया कि जेएससीए के पूर्व अध्यक्ष स्व अमिताभ चौधरी जी के पदचिन्हों पर चलते हुए जेएससीए की गरिमा का निर्वहन करते हुए इसके उद्देश्यों को पूरा करना हमारा मकसद है. राज्य में क्रिकेट के उत्तरोत्तर विकास और झारखंड के प्रत्येक जिले में खिलाड़ियों को बेहतर साधन संसाधन के आगे बढ़ाने व तराशने के लिए हम कृतसंकल्प हैं. (नीचे भी पढे)

रांची में क्रिकेट स्टेडियम बनने के बाद यह पहला चुनाव है जब हम सबके बीच अमिताभ चौधरी नहीं हैं, उनकी कमी हम बेहद महसूस कर रहें हैं. स्व चौधरी ने झारखंड में क्रिकेट को बुलंदियों तक पहुंचाने का सपना देखा था जिसे उन्होंने अपने मेहनत व लगन से पूरा किया. हम सौभाग्यशाली हैं कि हमने उनके साथ काम किया. उनके बहुत सपने जो अधूरे रह गये हैं उसे हम पूरा करने के लिए कृतसंकल्प हैं. श्री शाहदेव ने बताया कि जेएससीए की गरिमा को अक्षुण्ण रखने व राज्य में क्रिकेट के विकास के लिए वे चुनाव लड़ रहे हैं. जेएससीए के सभी माननीय सदस्यों का साथ व आशीर्वाद उनके साथ है. चुनाव में अध्यक्ष पद पर इस बार देश के बड़े कारोबारी उद्योगपति एसके बेहरा (आरएसबी ग्रुप के एमडी) भी अध्यक्ष पद के दावेदार है. दोनों गुटों के बीच जबरदस्त मुकाबला होने जा रहा है. एसके बेहरा की टीम से खूंटी के एसबी सिंह सचिव पद के प्रत्याशी हैं. आइजी अखिलेश झा (आइपीएस) खुद एसके बेहरा के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे है. राज्य के महाधिवक्ता राजीव रंजन भी उनके साथ हैं. (नीचे भी पढे)

मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, रिटायर आइपीएस बीबी प्रधान समेत कई बड़े अधिकारी भी श्री बेहरा के साथ है. इसी तरह रंजीत कुमार सिंह, देवाशीष चक्रवर्ती, नितिन सर्राफ, पूर्व डीआइजी हेमंत टोप्पो, श्रवण जाजोरिया, रिचर्ड लकड़ा, रेजी डुंगडुंग, डॉ सुमंत मिश्रा, अमिताभ चौधरी की बहन विशाखा मिश्रा सहित कई अन्य खुलकर और परोक्ष रूप से श्री बेहरा के साथ हैं. वहीं अजय नाथ शाहदेव का जेएससीए के वर्तमान अध्यक्ष संजय सहाय, सीसीए के अध्यक्ष राजेश वर्मा बॉबी, सुनील साहु, चाईबासा के असीम कुमार सरीखे सदस्य खुलकर साथ दे रहे हैं. जेएससीए के वर्तमान में लगभग 720 सदस्य हैं. इनमें सबसे अधिक रांची जोन के 250 सदस्य हैं. जमशेदपुर से भी लगभग 184 सदस्य हैं. इसके अलावा बोकारो, धनबाद, चाईबासा, लोहरदगा जैसे प्रत्येक जिले से 20 से लेकर 30 तक सदस्य हैं. रांची और जमशेदपुर का चुनाव में दबदबा दिखता है. लेकिन धनबाद, बोकारो, लोहरदगा, हजारीबाग जैसे जिले भी अपनी प्रभावी भूमिका निभाते हैं.













