रांची: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड के गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार की पत्नी प्रीति कुमारी के नाम से खरीदी गयी जमीन से संबंधित ब्योरा मांगा है. रांची के बरियातु स्थित इस जमीन पर वर्तमान में बर्लिन हॉस्पिटल भी चल रहा है. इस संबंध में प्रवर्तन निदेशालय ने बडगाई अंचल के अंचलाधिकारी से रिपोर्ट मांगी है. मिली जानकारी के अनुसार बड़गाई अंचल की जमीन से संबंधित दस्तावेज में जालसाजी कर खरीद बिक्री की जांच ईडी ने की. जांच के दौरान ईडी को इस बात की जानकारी मिली थी कि खाता नंबर 54 के प्लॉट नंबर 2711 की परती जमीन प्रीति कुमारी के नाम पर खरीदी गयी है. अंचल कार्यालय में हुई जालसाजी के मद्देनजर इस जमीन से संबंधित दस्तावेज और खतियान नें दर्ज ब्योरा के अनुसार मालिकों से भी पूरा डिटेल मांगा गया है. विदित हो कि सेना जमीन घोटाला में जेल में बंद बड़गाई अंचल के कर्मचारी भानु प्रताप के ठिकानों पर जब छापेमारी हुई थी तो ईडी को कुछ काजगात मिले थे. इस काजगात में प्रीति कुमारी के नाम से खरीदी गयी जमीन के कागजात भी मिले थे. हलांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पायी है. बताया जाता है कि इस जमीन की कीमत लगभग तीन करोड़ से अधिक है. (नीचे भी पढ़े)
अगर जांच में यह मामला सही पाया गया तो एक और आएएस पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला बन सकता है और वे इस मामले में फंस भी सकते है. जानकारी के अनुसार प्रीति कुमारी के नाम से जमीन अलग अलग तारीख पर खरीदी गयी है. इसमें अलग अलग डीड का जिक्र है, महिला ने इस बात का जिक्र नहीं किया है कि उनकी आय का क्या स्रोत है या फिर उनके पति क्या करते है. डीड में बताया गया है कि उनकी व्यक्तिगत आय से यह जमीन खरीदी है. जब्त कागजाते के आधार पर पहली बार 2004 के अक्टूबर माह में करीब 85 हजार रुपए, 2005 में 5.50 लाख रुपए, 2010 में 3.71 लाख रुपए, इसके बाद 2014 में 1.04 करोड़ तथा 2021 के दिसंबर माह में 1.71 करोड़ रुपए में यह जमीन खरीदी है. प्रवर्तन निदेशालय इससे संबंधित आय व व्यय का ब्योरा खंगाल रही है. इसलिए बड़गाई अंचल से रिपोर्ट मांगी गयी है.



