
सरायकेला : सरायकेला विधानसभा के लिए आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अमित उर्फ बॉबी सिंह सरायकेला की नगर अध्यक्ष मीनाक्षी पटनायक एवं आदित्यपुर और सरायकेला के कई भाजपा नेता तड़के सुबह मुख्यमंत्री आवास पहुंचे. वहीं सभी ने मुख्यमंत्री से मिलकर सरायकेला विधानसभा सीट के लिए योग्य और जनता के बीच रहने वाले उम्मीदवार को ही टिकट दिए जाने की मांग की. वही आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अमित सिंह ने बताया कि वे मुख्यमंत्री से मिलकर आश्वस्त हैं. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें जनता के बीच का ही उम्मीदवार देने का भरोसा दिलाया है. वैसे सभी यहां भाजपा नेता गणेश महाली को लिए टिकट दिए जाने की मांग को लेकर जुटे थे.

आपको बता दें कि सरायकेला विधानसभा सीट पर पिछले विधानसभा चुनाव में गणेश महाली झामुमो के कद्दावर नेता चंपई सोरेन से मामूली मतों से हार गए थे, लेकिन उन्होंने खुद हार नहीं मानी और पिछले 5 साल लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहे. ऐसे में अगर उन्हें टिकट नहीं दिया जाता है तो कहीं ना कहीं भाजपा को नुकसान भी उठाना पड़ सकता है. वैसे टिकट की आस में भाजपा नेता बास्को बेसरा, रमेश हांसदा और अनंत राम टुडू भी लगातार सीएम और प्रदेश अध्यक्ष के संपर्क में हैं. ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा कि सरायकेला सीट पर पार्टी प्रयोग करती है या एक बार फिर से गणेश महाली पर ही भरोसा जताती है.



