गिरिडीह : जिले के जमुआ प्रखंड के लोगों ने आज गिरिडीह पहुंच कर जोरदार प्रदर्शन कर पीएच एवं अंत्योदय राशन कार्डधारियों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मिलनेवाले प्रति व्यक्ति प्रति माह 5 किलो अतिरिक्त अनाज दिये जाने की मांग की. ग्रामीणों का आरोप था कि वर्ष 2021 से ही उन्हें अतिरिक्त अनाज नहीं दिया जा रहा है. ग्रामीण अब तक गबन किये गये खाद्यान्न का भी अविलंब वितरण कराये जाने की मांग कर रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)
प्रदर्शन से पूर्व ग्रामीणों ने झंडा मैदान में किसान पंचायत भी आय़ोजित की. पंचायत को संबोधित करते हुए किसान मंच के जिला अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि राशन कार्डधारियों द्वारा आपूर्ति विभाग और जिला प्रशासन के समक्ष राशन नहीं मिलने की लगातार शिकायत करने के बाद भी जमुआ प्रखंड में विगत तीन वर्षों से पीएमजीकेएवाई के राशन का गबन होता आ रहा है और क्षेत्र के सांसद विधायकों की खामोशी से लगता है कि राशन की कालाबाजारी में सत्ता पक्ष व विपक्ष दोनों शामिल हैं. जमुआ की पंचायत समिति सदस्य सोनी देवी ने प्रखंड में अधिकारियों व जन प्रतिनिधियों के संरक्षण में लाभुकों के राशन के गबन का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2021 से प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक के अधिकारियों के समक्ष गुहार लगाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है. इसीलिए अब हमने किसान मंच के बैनर तले करो या मरो की तर्ज पर आंदोलन करने का निर्णय लिया है. उन्होंने कहा कि वंचित लाभुकों को गबन किया गया राशन वितरित नहीं किये जाने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम को किसान मंच के जिला सचिव विजय कुमार और अधिवक्ता भुवनेश्वर महथा ने भी संबोधित किया. धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में जिला सचिव विजय कुमार, पंचायत समिति सदस्या सोनी देवी, तिसरी अंचल अध्यक्ष दासो मुर्मू, बेंगाबाद अंचल अध्यक्ष नबी अंसारी, देवरी अंचल अध्यक्ष अन्ना मुर्मू, अधिवक्ता भुवनेश्वर महथा, फतेह नारायण साव, प्रमोद यादव, मौजा कमेटी अध्यक्ष बैजुन मुर्मू, ब्रह्मदेव राय, छत्रधारी सिंह, हेमलाल सिंह, झगरू गोप, पूरन सिंह, अर्जुन पंडित, मुस्लिम अंसारी, कुदरत अली, खुशबू देवी, बासुदेव मरांडी, असलम अंसारी, दिलचंद पंडित, रुक्मिणी देवी, चरकी देवी, देवान बेसरा, थम्भी मंडल, टीपन हाजम सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे.











