
जमशेदपुर : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता अपने विधानसभा क्षेत्र के अधीन आने वाले एमजीएम अस्पताल का औचक निरीक्षण के लिए सोमवार की देर शाम पहुंच गये. अपनी पूरी टीम के साथ बन्ना गुप्ता एमजीएम अस्पताल गये. उन्होंने यहां सारी व्यवस्था को देखा और व्यवस्था में सुधार का निर्देश दिया.
अस्पताल में पहले से ही लोगों को जानकारी थी कि मंत्री आने वाले है, इस कारण औचक निरीक्षण का कोई मतलब नहीं रहा. खैर अस्पताल को मंत्री जी ने करीब से देखा. उसकी सारी व्यवस्था को समझने की कोशिश की और कहा कि यह एक मंदिर के सामान है, जहां आप सेवा से पुण्य कमा सकते है. किसी को मंदिर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, अगर कोई यहां मरीजों की सेवा कर देगा. मरीजों की सेवा प्रदान करने के लिए चिकित्सकों को बन्ना गुप्ता ने स्वास्थ्य मंत्री के नाते मोटिवेट किया जबकि स्वास्थ्यकर्मियों की समस्याओं को भी देखा.
उनको ठेका कर्मचारियों ने अपनी मांग पत्र भी सौंपी. मंत्री ने आश्वासन दिया कि सभी मसले का वह हल जरूर निकाल लेंगे. उन्होंने कहा कि एमजीएम अस्पताल को मॉडल अस्पताल बनाया जाना है, जिसके लिए सबका सहयोग जरूरी है. उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ेगी तो टीएमएच और टाटा स्टील का भी सहयोग लिया जायेगा, लेकिन पहले अपने स्तर से ही अस्पताल को सुधारने की कोशिश करेंगे.
स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद बन्ना गुप्ता का यह पहला दौरा है. एमजीएम अस्पताल उनके मिशन में शामिल है क्योंकि यह उनका गृह जिला भी है, कर्मस्थल भी है और उनके विधानसभा क्षेत्र के ज्यादातर लोग इसका लाभ उठाते है. ऐसे में उनकी पहली प्राथमिकता इस अस्पताल को ही सुधारना होगा ताकि राज्य भर में एक संदेश जा सके.


















