
जमशेदपुर : इंटक प्रदेश अध्यक्ष स्वर्गीय राजेंद्र सिंह के निधन के बाद इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जी संजीवा रेड्डी द्वारा राकेश्वर पांडेय के नेतृत्व में बनाई गई एडहाक कमेटी को लेकर स्वर्गीय राजेंद्र सिंह के बेटे अनूप सिंह द्वारा राकेश्वर पांडेय को अध्क्ष मानने से इंकार करने से उत्पन्न विवाद के बाद जी. संजीवा रेड्डी ने सोमवार को एक और पत्र जारी किया गया है. राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा जारी नए पत्र में नए एडहाक कमेटी को बधाई देते हुए इंटक से संबद्ध सभी यूनियन को एडहाक कमेटी के साथ सहयोग करने की बात कही गई है. साथ ही सभी यूनियन से आग्रह किया गया है कि वे अपना संवद्धता शुल्क संस्था के बैंक खाता में आरटीजीएस व डीडी के माध्यम से जल्द से जमा करें ताकि संगठन का चुनाव कराया जा सके. मालूम हो कि एडहाक कमेटी बनाए जाने के बाद ही अनूप सिंह ने राकेश्वर पांडेय को अध्यक्ष मानने से इंकार करते हुए सभी यूनियन से समर्थन के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया था. इसके बाद वे राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलकर अपनी बात रखी. लेकिन डॉ रेड्डी ने एडहाक कमेटी को संगठन के संविधान के अनुरुप बताते हुए उनके विरोध के अस्वीकार कर दिया. साथ ही संगठन का चुनाव जल्द कराने का आश्वासन दिया था. वहीं प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के दिशा निर्देश के आलोक में चुनाव पूर्व प्रक्रिया पूरा करने तथा स्थिति सामान्य होने के साथ ही संगठन का चुनाव करा लिया जाएगा. इस बीच इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जी संजीवा रेड्डी ने झारखंड इंटक के विवादों का पटाक्षेप करते हुए बीच का रास्ता निकाला है. झारखंड इंटक चुनाव कराने की मांग को देखते हुए डॉ जी संजीवा रेड्डी की जारी अधिसूचना में चुनाव भी कराने का जिक्र किया है. इस अधिसूचना में कहा गया है कि 31 अगस्त तक चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर लेने का आदेश दिया गया है. साथ ही जिन यूनियन का चंदा अभी तक नहीं दिया गया है उन्हें जल्द से जल्द भुगतान करने का आदेश दिया गया है.





