
जमशेदपुरः पूर्वी सिंहभूम जिले के जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी ने गुरुवार को रांची स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय कार्यालय में पहुंचकर पार्टी के महासचिव विनोद पांडे से मुलाकात की. इस दौरान संगठन और जुगसलाई विधानसभा में किए जा रहे विकास कार्यों को लेकर काफी देर तक महासचिव विनोद पांडे से चर्चा की. श्री कालिंदी ने बताया कि जुगसलाई विधानसभा में 60 पंचायत कार्यकर्ता सम्मेलन कर रहे हैं जिसमें से 22 पंचायत के सम्मेलन अब तक पूर्ण हो चुके हैं. बाकी बचे पंचायतों के सम्मेलन भी छठ पूजा तक संपन्न हो जाएंगे.(नीचे भी पढ़े)
इसकी जानकारी महासचिव को दी गयी. साथ ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में काफी संख्या में महिलाओं और युवाओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई. महासचिव विनोद पांडे ने जुगसलाई विधानसभा में लोगों को जोड़ने और विकास कार्यों को लेकर विधायक मंगल कालिंदी की प्रशंसा भी की. महासचिव ने विधायक मंगल कालिंदी को अपने विधानसभा में संगठन को और मजबूत करने और ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी जोड़ने के लिए दिशा निर्देश दिए. साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा किए जा रहे विकास कार्यो को भी जन-जन तक पहुंचाने को कहा.



