लोहरदगा: लोहरदगा मारवाड़ी युवा मंच के निवर्तमान प्रांत संयोजक जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि राष्ट्रव्यापी अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के तत्वावधान में राष्ट्रीय खेल दिवस पर राष्ट्रव्यापी मेगा इवेंट ‘वॉकोथॉन 2.0’ का आयोजन लोहरदगा में किया गया. स्वस्थ भारत और फिट यूथ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाले इस महाअभियान में देश भर की 800 से अधिक शाखाओं के हजारों युवाओं और लाखों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि इस भव्य आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में शारीरिक स्वास्थ्य, फिटनेस और खेलकूद के प्रति जागरूकता बढ़ाना था. सुबह की पहली किरण के साथ लोहरदगा शाखा के युवाओं ने एक साथ कदमताल करते हुए स्वास्थ्य का संदेश दिया.सभी निर्माणाधीन रानी सती मंदिर प्रांगण से निर्माणाधीन श्री राम दरबार मंदिर तक मंच के स्लोगन युवा शक्ति राष्ट्र शक्ति के साथ आगे बढ़े. (नीचे भी पढ़े)
इस कार्यक्रम ने यह साबित कर दिया कि आज का युवा राष्ट्र निर्माण के साथ-साथ अपनी शारीरिक और मानसिक सेहत के प्रति भी पूरी तरह सजग है. कार्यक्रम के दौरान स्थानीय सामाजिक गणमान्य व्यक्तियों और मंच के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही. पूर्व सचिव अनुराग पोद्दार ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और इस प्रकार के आयोजनों को सामाजिक एकजुटता व स्वास्थ्य के लिए मील का पत्थर बताया. सचिव चंदन राजगढ़िया ने बताया कि मारवाड़ी युवा मंच हमेशा से सामाजिक सरोकारों, रक्तदान शिविरों, चिकित्सा सेवाओं और युवा शक्ति को रचनात्मक दिशा देने के लिए अग्रणी रहा है. ‘वॉकोथॉन 2.0’ की अपार सफलता ने संस्था के सेवा और समर्पण के इतिहास में एक और नया अध्याय जोड़ दिया है. इस अवसर पर शिव प्रसाद राजगढ़िया, किशोर बंका,रामप्रकाश मोदी, अमर पोद्दार, विमल बंका, रितेश बंका, जय प्रकाश शर्मा, अनुराग पोद्दार, चंदन राजगढ़िया, विकास सर्राफ,आशीष पोद्दार, मयंक मोदी, शुभम शर्मा, आरुष पोद्दार,प्रतीक पोद्दार, चिंटू तमेड़ा, शशांक बर्मन सहित अन्य उपस्थित थे.




