बहरागोड़ा : झारखंड-ओडिशा सीमा स्थित जामशोला पुलिया से रविवार सुबह एक युवक ने स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी. युवक की पहचान उसकी बाइक के नंबर के आधार पर ओडिशा के चादुआ गांव अंतर्गत कुम्हार टोला निवासी रासबिहारी बेहरा (30) के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा, झारपोखरिया और पश्चिम बंगाल पुलिस मौके पर पहुंची. वहीं, ओडिशा अग्निशमन सेवा की बचाव टीम भी पहुंची. नदी में युवक की तलाश शुरू की गयी.जानकारी के अनुसार, रासबिहारी रविवार सुबह करीब 10 बजे बाइक (ओडी 11 एएम 1169) से जामशोला स्थित सुवर्णरेखा नदी के किनारे पहुंचा था. उसने बाइक को किनारे खड़ा किया. इसके बाद पुलिया की दीवार पर चढ़कर नदी में छलांग लगा दी. (नीचे भी पढ़े)

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी. सूचना पर परिजन भी घटनास्थल पहुंचे. परिजनों ने बताया रासबिहारी शनिवार सुबह बाइक लेकर घर से निकला था. वह पिछले कुछ दिनों से काफी चिंतित था. हालांकि चिंता का कारण परिजनों को पता नहीं है. जामशोला पुलिया पर सुरक्षा के मद्देनजर कोई विशेष घेराबंदी नहीं की गयी है. करीब तीन फुट ऊंची रेलिंग होने के कारण कोई भी व्यक्ति आसानी से उसके ऊपर चढ़ सकता है. लोगों का कहना है कि पुलिया पर पर्याप्त सुरक्षा घेराबंदी नहीं होने के कारण ऐसी घटनाओं का खतरा बना रहता है. पुलिया पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है.




