
जमशेदपुर : टाटा स्टील द्वारा निबंधित कर्मचारी पुत्रों की बहाली का रास्ता साफ होने के बाद झारखंड मजदूर यूनियन ने इसमें अपनी हिस्सेदारी को लेकर एक बार फिर से आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है. यूनियन के संरक्षक और राज्य के पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर टाटा स्टील द्वारा निकाले गए 500 निबंधित कर्मचारी पुत्रों की बहाली में से ढाई सौ पद आदिवासी- मूलवासी निबंधित सफाई कर्मियों के आश्रितों के लिए आरक्षित किए जाने की मांग टाटा प्रबंधन से की है. साथ ही उन्होंने चेतावनी दिया है, कि अगर टाटा स्टील प्रबंधन उनकी मांगों पर विचार नहीं करती है, तो यूनियन रतन टाटा के घर पर अनशन पर बैठेगी. आपको बता दें, कि पिछले कई महीनों से झारखंड मजदूर यूनियन सफाई कर्मियों के आश्रितों को टाटा समूह के संस्थानों में नौकरी दिए जाने की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन चला रही है. इधर पिछले दिनों टाटा समूह द्वारा निबंधित आश्रित पुत्रों के लिए 500 वैकेंसी निकाले जाने की घोषणा के बाद झारखंड मजदूर यूनियन ने इसमें अपनी हिस्सेदारी को लेकर दावेदारी की है.













