मेदिनीनगर (पलामू):
महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए मेदिनीनगर के गांधी पार्क में मातृत्व संघ के बैनर तले एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें आए दिन महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार, दुष्कर्म, शोषण और विभिन्न प्रकार के कुरीतियों के खिलाफ काम करने के उद्देश्य पर चर्चाएं हुईं. इस बैठक में मातृत्व संघ की फाउंडर धनबाद की पूजा रत्नाकर और मेदिनीनगर मातृत्व संघ की अध्यक्षा शर्मिला वर्मा के नेतृत्व में आयोजन को सफल बनाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

पूजा रत्नाकर ने कहा कि हर महिला शक्ति का स्तंभ है. उसे अपनी रक्षा के लिए सरकार के भरोसे बैठने की जरूरत नहीं है. वह खुद अपनी रक्षा कर सकती है. मातृत्व संघ की पलामू जिलाध्यक्षा शर्मिला वर्मा ने कहा कि हर महिला शक्ति स्वरूपा है. बस उसे अपनी ताकत पहचानने की जरूरत है. दुनिया में कोई ऐसा काम नहीं है, जिसे महिलाएं नहीं कर सकतीं हैं. उसके बावजूद अगर कोई महिला किसी संकट में हो और खुद को बेसहारा महसूस कर रही हो तो वो मातृत्व संघ से संपर्क करे.
उनके लिए ही इस संघ की स्थापना की गयी है. मातृत्व संघ उनकी समस्या का समाधान करने की हरसंभव कोशिश करेगा. स्नेहा ओझा ने कहा कि आज भी समाज में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं. दिन-प्रतिदिन महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं. ऐसे में यह जरूरी है कि महिलाओं को आत्मरक्षा के लिए सेल्फ ट्रेनिंग दी जाएं, जिससे वह स्वयं की रक्षा कर सकें. फराह नाज ने कहा कि हर घर में कुछ न कुछ परेशानी है, लेकिन लोक-लाज के डर से महिलाएं खुलकर सामने नहीं आतीं।मातृत्व संघ एक ऐसा मंच है, जहां हर महिला अपनी बात रख सकती हैं. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में मातृत्व संघ की सचिव फराह नाज, मीडिया प्रभारी स्नेहा ओझा, संध्या अग्रवाल, ज्योति सिन्हा, रेशमा प्रवीण, सुषमा देवी, अधिवक्ता वंदना कुमारी समेत कई महिलाएं मौजूद थीं. जिलाध्यक्षा शर्मिला वर्मा ने कहा कि जल्द ही मातृत्व संघ का विस्तार किया जाएगा ताकि हर महिला की समस्या इस संघ तक पहुंचे और उसे त्वरित समाधान मिले.



