
रांची : झारखंड के आदिवासी कल्याण मंत्री चंपई सोरेन लगातार दिन भर गुरुवार को सक्रिय रहे. चंपई सोरेन के नेतृत्व में आदिवासी और सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल और विधायकों ने राज्यपाल रमेश बैस से गुरुवार को मुलाकात की. इस मुलाकात में चंपई सोरेन के अलावा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सह विधायक बंधु तिर्की, राजेश कच्छप, झामुमो विधायक स्टीफन मरांडी, दीपक बिरुआ, कांग्रेस विधायक विक्स कोंगाड़ी, झामुमो विधायक विकास मुंडा, आजसू विधायक लंबोदर महतो, आजसू प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, राजद और वामदल के नेता मौजूद थे. इन लोगों ने राष्ट्रपित के नाम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा, जिसके द्वारा सरना धर्म कोड लागू करने की मांग की गयी. राज्यपाल से मिलने के बाद मंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि आदिवासियों को अपना धर्म कोड नहीं होने का काफी नुकसान हो रहा है. झारखंड समेत पूरे देश में 12 करोड़ से अधिक आदिवासी निवास करते है, जो प्रकृतिक पूजक है. लेकिन इनकी जनगणना में अलग धर्म कोड नहीं रखा गया है, जो दुखद है. इस कारण केंद्र सरकार को तत्काल आदिवासियों के लिए अलग से धर्म कोड देना चाहिए. भाजपा द्वारा सरना को हिंदू बताए जाने पर चंपई सोरेन ने कहा कि उन लोग कुछ भी कह सकते हैं. हमारी अपनी सामाजिक व्यवस्था है. मानकी मुंडा, पहड़ा राजा व्यवस्था के तहत हमारा समाज चलता है. हम पेड़ के नीचे बैठ कर पेड़ों की पूजा करते हैं. आदिवासियों का अपना एक इतिहास रहा है. इनका इतिहास 200 वर्ष पुराना है. चाहे वह स्वतंत्रता आंदोलन की बात हो या फिर झारखंड अलग राज्य की लड़ाई. पूरे देश में आदिवासी निवास करते हैं, इसलिए आदिवासियों को एक अलग धर्म कोड मिलना चाहिए. मंत्री ने चंपई सोरेन ने भाजपा के शामिल नहीं होने के सवाल पर कहा कि अब इसके बारे में वही लोग बता सकते हैं. कल ही तय हो गया था कि आज राज्यपाल से सर्वदलीय टीम मिलना है. (नीचे देखे पूरी खबर)

जमशेदपुर के बंगाल क्लब के लोग चंपई के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मिले
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से गुरुवार को मंत्री चम्पाई सोरेन के नेतृत्व में बंगाल क्लब, जमशेदपुर के सदस्यों ने मुलाकात की. उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि 23 जनवरी 2022 को बंगाल क्लब के सौ वर्ष पूरे होंगे. इस अवसर पर भव्य समारोह के साथ क्लब के नए भवन का उद्घाटन किया जाएगा. क्लब द्वारा मुख्यमंत्री को शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया. मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में क्लब के सामंतो कुमार, अनुपम सिन्हा, विवेक पाल और आनंद बिहारी दुबे शामिल थे. (नीचे देखे पूरी खबर)

सरायकेला गौड़ सेवा संघ के लोग भी मिले
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से गुरुवार को मंत्री चम्पाई सोरेन के नेतृत्व में गौड़ सेवा संघ सरायकेला-खरसावां के केंद्रीय समिति के सदस्यों में मुलाकात की. उन्होंने अगले वर्ष 23 जनवरी को संघ के आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को आमंत्रित किया. इस मौके पर क्लब के केंद्रीय अध्यक्ष चतुर्भुज बारीक, महासचिव पी प्रधान उपाध्यक्ष एम बेहरा, नेबू प्रधान, भास्कर महाकुड़, अशोक गौड़, मोतीलाल प्रधान, काशीनाथ गौड़ और मनोज गौड़ शामिल थे.




