जमशेदपुर : झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन हिदायतुल्लाह खान आज मानगो के जाकिर नगर स्थित कबीर मेमोरियल उर्दू हाई स्कूल पहुंचे. इस अवसर पर स्कूल परिवार की ओर से उनके सम्मान में एक भव्य और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा प्रबंधन समिति के सदस्यों में विशेष उत्साह देखने को मिला. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन हिदायतुल्लाह खान ने शिक्षा को सामाजिक विकास की सबसे मजबूत नींव बताते हुए कहा कि अल्पसंख्यक समुदायों के शैक्षणिक संस्थानों को आधुनिक संसाधनों से सशक्त बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए तत्काल चार कंप्यूटर उपलब्ध कराने की घोषणा की तथा भविष्य में स्कूल को 40 अतिरिक्त कंप्यूटर उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया, ताकि छात्र तकनीकी शिक्षा से जुड़ सकें और डिजिटल युग की चुनौतियों का सामना कर सकें. उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह एकमात्र माध्यम है, जिसके द्वारा समाज को मजबूत, आत्मनिर्भर और जागरूक बनाया जा सकता है. अल्पसंख्यक समुदाय के बच्चों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना मेरी प्राथमिकताओं में शामिल है. (नीचे भी पढ़ें)

कबीर मेमोरियल उर्दू हाई स्कूल जैसे संस्थान हमारी विरासत हैं और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करना हमारा कर्तव्य है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए आयोग स्तर पर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे. साथ ही उन्होंने यह आश्वासन भी दिया कि अनुदानित कबीरिया उर्दू मिडिल स्कूल को अल्पसंख्यक दर्जा दिलाने के लिए कानूनी प्रक्रिया के तहत प्रयास किए जाएंगे. कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन हिदायतुल्लाह खान भावुक हो गए और कहा कि वे स्वयं कबीरिया हाई स्कूल धातकीडीह के छात्र रह चुके हैं और इस विद्यालय से उनका गहरा भावनात्मक जुड़ाव है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने इस संस्थान में अतिथि के रूप में उपस्थित होकर विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े निर्णय लेने पर गर्व व्यक्त किया. इस अवसर पर करीम सिटी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रियाज, कबीर वेलफेयर ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. सलीम, ट्रस्ट के सचिव जिया-उल-मुबीन अंसारी, ट्रस्टी मुमताज़ अहमद, स्कूल के सचिव मतीन-उल-हक अंसारी, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे. कार्यक्रम का सफल संचालन स्कूल के अकादमिक सलाहकार रिज़वान अहमद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन स्कूल के सचिव मतीन-उल-हक अंसारी द्वारा प्रस्तुत किया गया.



