रांची : झारखंड में एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है. संभावना जताई जा रही है कि 28 जुलाई तक मानसून फिर से सक्रिय हो सकता है. फिलहाल राज्य में मानसून काफी कमजोर हो गया है, जिसके कारण बारिश भी नहीं हो रही है. इस बीच खरीफ की खेती पिछड़ती जा रही है. हालांकि बारिश को लेकर किसान अब भी उम्मीद लगाये बैठे हैं.(नीचे भी पढ़े)
राज्य के कई इलाकों में बारिश की कमी की वजह से धान की रोपाई पर असर पड़ा है. राज्य के कई हिस्सों में खेती बुरी तरह प्रभावित हुई है. कई क्षेत्रों में लोग टैंकर से पानी भरकर खेतों में लगे बिचड़ों की सिंचाई कर रहे हैं. इस बीच मौसम विभाग का कहना है कि अगस्त माह के पहले सप्ताह से झमाझम बारिश होगी. उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में चक्रवात जैसी स्थिति बन रहा है. कम दबाव होने की वजह से बारिश शुरू होने की संभावना बढ़ रही है.(नीचे भी पढ़े)
बता दें कि झारखंड में बारिश कम होने से धान की रोपाई बहुत कम हो पाई है. ज्यादातर इलाकों में धान के बिचड़े पीले पड़ते जा रहे हैं, जिससे उनके सूख जाने की आशंका बढ़ गई है. राज्य के कई हिस्सों में तापमान में वृद्धि देखी जा रही है. झारखंड के डाल्टेनगंज में सबसे अधिक 35.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ है. जमशेदपुर का तापमान 34.1 डिग्री एवं रांची का 31.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है. वहीं बोकारो के कई क्षेत्रों में कुछ बारिश हुई है. खूंटी में भी बारिश होने के आसार बढ़ गए हैं. मौसम विभाग ने इन इलाकों में वज्रपात की भी आशंका जताई है. मानसून टर्फ झारखंड के दक्षिणी ओर से गुजर रहा है.(नीचे भी पढ़े)
25 जुलाई तक झारखंड के दक्षिणी और निकटवर्ती इलाकों में मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है. कोल्हान की बात करें तो यहां बारिश काफी कम होने के कारण खरीफ की खेती बुरी तरह प्रभावित हो रही है. पानी की कमी के कारण धान की रोपाई तो नहीं ही हुई है, धान के बिचड़े भी खेत में सूखने लगे हैं. इस स्थिति से किसानों में निराशा गहराती जा रही है. कोल्हान के कई इलाकों में धान ही एकमात्र फसल है. उसके भी फेल होने से किसानों की समस्या गहराती जा रही है.














