मेदिनीनगर (पलामू) : बेरोजगार संघर्ष मोर्चा के जिला कार्यालय में शनिवार को देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की 117वीं जयंती मनाई गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता मोर्चा अध्यक्ष उदय राम ने की. संचालन संजय कुमार ने किया। सर्वप्रथम जगजीवन राम के तस्वीर पर फुल-माला चढ़ाकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई. इस मौके पर मोर्चा अध्यक्ष उदय राम ने कहा कि जगजीवन राम सामाजिक बदलाव के प्रतीक थे. सामाजिक असमानता का दंश सहने के बाद दलितों के लिए आवाज उठाने की ठानी. 19 अक्तूबर, 1935 को पहली बार दलितों के लिए मतदान के अधिकार की मांग की. इसके साथ ही आरक्षण दिलाने एवं उसे लागू कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. (नीचे भी पढ़ें)
समाज में छुआ-छूत मिटाने के लिए 1955 ई में कानून बनवाया. इसके अलावा देश के सभी मंदिरों के द्वार खुलवाए ताकि दलित सामाज भी मंदिरों में जाकर पूजा-पाठ कर सकें. जगजीवन राम ने आजादी की लड़ाई में भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया. आजादी के बाद जगजीवन राम ने 1952 से 1984 तक लगातार सांसद चुने गये। 16 वर्षों तक केन्द्रीय मंत्री रहे. उन्होंने दलितों के हक व हुक़ूक़ के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष किया. हरित क्रांति, श्रम सुधारों एवं सामाजिक न्याय के क्षेत्र में काफी योगदान दिया. वे सामाजिक न्याय एवं श्रम सुधारों के अगुआ थे एवं दलितों के पुरोधा थे. (नीचे भी पढ़ें)
संजय कुमार ने जगजीवन राम की जीवनी पर प्रकाश डाला एवं कहा कि 5 अप्रैल, 1908 ई० को उनका जन्म हुआ था. वे दलितों के मसीहा थे एवं श्रम कानून के अगुआ थे. इस अवसर पर सुशील कुमार, नौनित कुमार, रौनक कुमार विक्की पासवान, सुधीर कुमार, कृष्णा राम जयपाल मोची, श्याम पाठक सतीश दुबे, संतोष विश्वकर्मा, अनुज पासवान, राजू कुमार, उमेश पासवान सहित उपस्थित अन्य सभी लोगों ने जगजीवन राम को ‘भारत रत्न’ से सम्मानित करने की मांग भारत सरकार से की. कार्यक्रम के अंत में राम नरेश महतो ने धन्यवाद ज्ञापित किया.











