मेदिनीनगर (पलामू) : केमिस्ट एन ड्रगिस्ट फेडरेशन के तत्वावधान में विभिन्न मांगों को लेकर औषधि नियंत्रण प्रशासन के कार्यालय में बुधवार को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया, जिसकी अध्यक्षता फेडरेशन के अध्यक्ष रमेश शुक्ला व संचालन फेडरेशन के सचिव अमिताभ मिश्रा ने किया. प्रदर्शन के दौरान के फेडरेशन के संरक्षक मृत्युंजय शर्मा ने बताया कि फेडरेशन की ओर से विभिन्न लंबित मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलन किया जा रहा है, जिसके तहत 15 जुलाई को सभी दवा व्यवसायियों ने काला बिल्ला लगाकर विरोध-प्रदर्शन किया. इसके बाद ड्रग इंस्पेक्टर के साथ संवाद कार्यक्रम निश्चित किया गया था, परन्तु उनके कार्यालय में उपस्थित नहीं रहने के कारण संवाद कार्यक्रम नहीं हो सका. (नीचे भी पढ़ें)
रमेश शुक्ला ने कहा कि हमारा आंदोलन मांगें पूरी न होने तक क्रमबद्ध एवं शांतिपूर्ण तरीक़े से जारी रहेगा. इसी सिलसिले में बुधवार को सभी थोक दवा व्यवसायियों ने अपनी-अपनी दुकानें पांच घंटे के लिए बंद रखा. फेडरेशन के सचिव अमिताभ मिश्रा ने बताया कि अभी भी बातचीत के लिए प्रशासन के द्वार खुले रखे गए हैं. यदि उनकी मांगों को गंभीरतापूर्वक नहीं सुना गया तो आने वाले समय में उनका आंदोलन और तेज होगा. इस मौक़े पर संघ के संरक्षक सतीश कुमार तिवारी, किशोर जैन, सुरेंद्र अग्रवाल, जवाहर अग्रवाल, विक्की अग्रवाल, कंचन अग्रवाल, चंद्र शेखर तिवारी, मोनू अग्रवाल, नागेंद्र जसवाल, पुरुषोत्तम अग्रवाल, हनी सिंहा, जितेन्द्र कुमार, प्रिंस साँवरे, मनोज सिंहा, पवन कुमार सहित सैकड़ों दवा व्यवसायी मौजूद रहे.



