मेदिनीनगर (पलामू) : झारखंड पत्रकार संगठन का आठवां वार्षिक सम्मेलन रविवार को विश्रामपुर के रामचंद्र चंद्रवंशी विश्वविद्यालय सभागार में संपन्न हुआ। इसकी अध्यक्षता निवर्तमान जिला अध्यक्ष अश्विनी घई ने की। मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय अध्यक्ष अवधेश शुक्ला व विशिष्ट अतिथि के रूप में रामचंद्र चंद्रवंशी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ईश्वर सागर चंद्रवंशी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों व संगठन के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर की गई। मौके पर केंद्रीय अध्यक्ष अवधेश शुक्ला ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकारों को पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करना चाहिए। आज आंचलिक पत्रकार अपनी जान को हथेली पर रखकर समाचार संकलन का काम कर रहे हैं। उनकी किसी प्रकार की सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं है। उन्हें अपराधियों व माफियाओं का कोपभाजन बनना पड़ रहा है।कहीं न कहीं पुलिस प्रशासन के लोग भी माफियाओं का साथ देते हुए पत्रकारों को प्रताड़ित करते हैं। इस पर सरकार को संज्ञान लेना होगा व पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करना होगा। (नीचे भी पढ़ें)

मौके पर डॉ ईश्वर सागर चंद्रवंशी ने कहा कि पत्रकारों को निष्पक्ष व समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर करना चाहिए। पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के प्रहरी हैं। पत्रकारों की भूमिका लोकतंत्र में काफी अहम है। इस अवसर पर निवर्तमान जिला अध्यक्ष अश्विनी घई ने कहा कि सभी पत्रकारों को समाचार लिखते वक्त दोनों पहलुओं का पक्ष लेने की आवश्यकता है। इससे विवाद का सामना नहीं करना पड़ेगा। संगठन के वरिष्ठ सदस्य अरविंद तिवारी ने कहा कि संगठन लंबे समय से पत्रकारों के हित की रक्षा के लिए संघर्ष करता आ रहा है। झारखंड पत्रकार संगठन पत्रकारों के लिए हमेशा खड़ा रहता है । कार्यक्रम का संचालन पत्रकार रामनिवास तिवारी ने किया। (नीचे भी पढ़ें)
वार्षिकोत्सव की दूसरी पाली में पलामू जिला अध्यक्ष की घोषणा की गई। इसमें वरिष्ठ पत्रकार नीलकमल शुक्ला को जिला अध्यक्ष व युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष के रूप में योगेंद्र मिश्रा की घोषणा की गई। रामनिवास तिवारी को गढ़वा जिला का प्रभारी मनोनीत किया गया। केंद्रीय अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि जिला अध्यक्ष कमेटी की घोषणा 10 दिनों के अंदर की जाएगी। मौके पर पत्रकार विनोद सिंह, रमाकांत प्रसाद, शशि भूषण सिंह, राजीव तिवारी, रघुवीर नारायण पांडेय, जितेंद्र सिंह, उपेंद्र कुमार, दीपक दुबे, प्रवीण शुक्ला, विजय तिवारी, चंदन लाल मंडल, विवेक कुमार, धनंजय तिवारी, श्रवण कुमार, मो शमीम सहित काफी संख्या में पत्रकार उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन अश्विनी घई ने किया।



