मेदिनीनगर (पलामू) : जिले में रसोई गैस की उपलब्धता एवं उसका सुचारू रूप से वितरण सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को सख्त कर दिया है. इस संबंध में उपायुक्त समीरा एस ने जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को जांच दल गठित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. जारी निर्देश में कहा गया है कि हाल के दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से गैस उपभोक्ताओं को रसोई गैस प्राप्त होने में कठिनाइयों की सूचना मिल रही है. इन शिकायतों के मद्देनजर प्रशासन ने स्थिति की निगरानी के लिए अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर जांच दल गठित करने का निर्णय लिया है. (नीचे भी पढ़ें)
गठित जांच दल अपने-अपने क्षेत्र के गैस वितरकों के गोदामों में उपलब्ध घरेलू रसोई गैस की स्थिति की जांच करेंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि गैस का वितरण उपभोक्ताओं के बीच सही और पारदर्शी तरीके से हो. इसके साथ ही रसोई गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए संबंधित गोदामों का औचक निरीक्षण करने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया है. सभी अनुमंडल पदाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को इस संबंध में की गई कार्रवाई का साप्ताहिक प्रतिवेदन उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये गए हैं.







