पलामू :महिला दिवस सिर्फ एक दिन मनाए जाने वाला उत्सव या समारोह नहीं है. महिलाओं के बिना कोई दिन नहीं, किसी दिन की कोई अहमियत नहीं, जिसमें महिलाओं की भागीदारी न हो. सुबह से शाम तक परिवार की पूरी दुनिया महिलाओं के इर्द-गिर्द ही घूमती है. रसोईया, होम मैनेजर, धोबी, मेड, नर्स, शिक्षिका, माली, सलाहकार, पत्नी, मां से लेकर दर्जी, किसी किसी घर में ड्राइवर तक का रोल एक अकेली महिला बखूबी निभाती है. और यह सिर्फ और सिर्फ एक महिला ही कर सकती है. पुरुष चाहकर भी इतने रोल एक साथ नहीं निभा सकते. कहा भी गया है बिन घरनी, घर भूत के डेरा. सचमुच उस घर पर निगाह डालिए जिस घर में कोई महिला न हो.(नीचे भी पढ़े)
एक महिला सुख-दुःख में अपने घर-परिवार का साथ निभाने के साथ ही पर्व-त्यौहार की रौनक बढ़ाने के अलावा आतिथ्य- सत्कार की भी जिम्मेदारी बखूबी निभाती है, लेकिन सिर्फ इतने में ही उलझकर नहीं रह जाना है हमें. हम महिलाओं को अपने और समाज के लिए भी जीना है.अपने लिए भी आप वक्त निकालें, चील करें, अपना पसंदीदा गाना सुनें, खेलें, नृत्य करें, अपनी सहेलियों के साथ घूमने जाएं, सभी घरेलू जिम्मेदारियों से मुक्त होकर. इसके साथ-साथ अपने समाज में जरूरतमंद महिलाओं का सहारा भी बनें. बालिका शिक्षा, प्रौढ़ महिलाओं की शिक्षा, महिलाओं को शोषण से मुक्ति, महिला प्रताड़ना से छुटकारा और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की भी हरसंभव कोशिश करें, क्योंकि एक-एक पैसों के लिए महिलाओं को किसी न किसी के आगे हाथ फैलाना पड़ता है, जिसके लिए उन्हें अपने स्वाभिमान को गिरवी रखनी पड़ती है या अपनी इच्छाओं का गला घोंटना पड़ता है. एक मां अगर अपनी बेटी को उच्च शिक्षा दिलाना चाहती है तो भी खुद स्वावलंबी न होने के कारण उसे पीछे हटना पड़ता है. एक महिला दूसरी महिला का सहारा बने औरउसके हर सही कार्य में उसे सहयोग करे. जबतक महिलाएं महिलाओं का संबल नहीं बनेंगीं, तब तक महिलाओं का समुचित विकास संभव नहीं है.
नारी है नर की शान,इसने ही जन्म दिया, राम, कृष्ण, हनुमान:शर्मिला वर्मा,आकाशवाणी उदघोषिका, सचिव, वरदान चेरिटेबल ट्रस्ट,अध्यक्षा,मातृत्व संघ पलामू











