
पलामू : झारखंड के पलामू जिले के एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक वाहन को पकड़ा है, जिसमें करीब 46 लाख रुपये कैश बरामद किया गया है. एसपी को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि एक लाल रंग का संदिग्ध जाइलो वाहन डालटनगंज से पांकी की ओर जा रहा है. सूचना के आलोक में थाना प्रभारी पांकी राजेश रंजन द्वारा सशस्त्र बल के साथ घेराबंदी कर जांच अभियान चलाया गया. अभियान के क्रम में ग्राम तेतराई बलियारी मोड़ के पास उक्त संदिग्ध लाल रंग की जाइलो गाड़ी (रजिस्ट्रेशन नंबर– सीजी14बी-5999) खड़ी पाई गई. (नीचे देखे पूरी खबर)
आसपास पूछताछ करने पर स्थानीय लोगों ने बताया कि गाड़ी काफी देर से वहीं खड़ी है, किन्तु किसी व्यक्ति को नहीं देखा गया. गाड़ी लॉक स्थिति में थी. तत्पश्चात गाड़ी को टोचन कर थाना लाया गया. पुलिस निरीक्षक पांकी अंचल की उपस्थिति में गाड़ी का लॉक तोड़कर तलाशी ली गई. तलाशी के क्रम में गाड़ी की बीच की सीट के नीचे एक झोले में रखे गए विभिन्न प्लास्टिक पैकेटों में नगद रूपये की गड्डियां बरामद हुईं. बरामदगी की प्रक्रिया वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी कराते हुए की गई. सीएसपी पांकी से नोट गिनने की मशीन मंगवाकर गिनती की गई, जिसमें कुल 46,19,900 रुपये (छयालीस लाख उन्नीस हजार नौ सौ रुपये मात्र) पाया गया. गाड़ी की आगे की डिक्की से वाहन का इंश्योरेंस एवं आर.सी. कार्ड भी बरामद किया गया है. इसमें 500 के 8976 नोट बरामद हुआ है, जिसका 44 लाख 88 हजार रुपये कैश, 200 के 509 नोट बरामद हुआ, जिसका 1 लाख 1 हजार 800 रुपये और 100 के 301 नोट है, जिसका 30100 रुपये है.












