
रांची : झारखंड की राजनीति में भूचाल ला देने वाले मामले का रांची पुलिस कभी भी खुलासा कर सकती है. मंगलवार को इस मामले में अहम कड़ी तब सामने आयी जब पुलिस ने आरोपी के साथ जाकर रांची के ओरमांझी के पास ही चंदवे गांव के एक खेत से जमीन में गाड़ा गया लड़की का सिर बरामद कर लिया. ओरमांझी में इस हत्याकांड के बाद यह अंदेशा जताया गया था कि उक्त लड़की का पहले रेप किया गया था और फिर उसका सिर काटकर फेंक दिया गया था. 3 जनवरी को यह लाश मिली थी, जिसके बाद लोगों ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ ही हल्ला बोल दिया था और उनके काफिले पर भी हमला बोल दिया था.

इस मामले को लेकर झारखंड पुलिस दबाव में थी. काफी परेशानियों के बाद रांची पुलिस ने इस ब्लाइंड केस का इनवेस्टिगेशन शउरू किया, जिसके बाद लड़की की पहचान हो पायी और हत्यारे तक पहुंच पायी गयी. जिस लड़की की लाश मिली है, उसकी पहचान रांची के चान्हो थाना क्षेत्र के चटवल गांव की रहने वाली सुफिया परवीन के रुप में हुई है. उसकी हत्या उसके पति शेख बिलाल ने ही की थी. मंगलवार को दोपहर को उसके पति शेख बिलाल के ही कहने पर पुलिस ने सिर को बरामद कर लिया. इसके बाद पुलिस ने सिर को भी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. झारखंड की राजधानी रांची से सटे साईनाथ विश्वविद्यालय के पीछे झाड़ियों के बीच एक युवती की सिरकटी लाश मिली थी. उसके बदन पर एक भी कपड़ा नहीं था, इस कारण रेप की बातें बतायी जा रही थी. दो दिन पहले चान्हो थाना क्षेत्र के चटवल गांव के एक पति-पत्नी ने उक्त सिरकटी लाश की पहचान की थी, जिसको उसने अपनी बेटी बताया था. पुलिस को दंपति ने बताया था कि उसकी बेटी सुफिया है. बचपन में ही वह खाना बनाते वक्त जल गयी थी, जिस कारण उसका पैर जला हुआ था. इसके बाद उक्त दंपति को पुलिस ने शव दिखाया तो पाया गया कि उक्त शव का भी पैर जला हुआ है. इसके बाद पुलिस ने तहकीकात शुरू की.

उक्त पति-पत्नी ने पुलिस को बताया कि सुफिया परवीन कररीब दस महिना पहले शेख बिलाल के साथ हो गयी थी. शेख बिलाल और सुफिया पति-पत्नी के रुप में रह रही थी. बाद में बिलाल के साथ उसकी नहीं बनी, जिसके बाद वह किसी और लड़के साथ रहने लगी. पुलिस ने तत्काल शेख बिलाल को गिरफ्तार करने की कोशिश शुरू की और उसकी तस्वीर भी जारी की. बिलाल का सुराग देने वाले को पुरस्कार देने की घोषणा की गयी. लेकिन पुलिस को सोमवार की रात को ही सफलता मिल गयी. बिलाल को गिरफ्तार कर लिया गया. बिलाल पहले भी जेल जा चुका है. बिलाल को गिरफ्तार करने के बाद जब पुलिस ने पूछताछ की तो बिलाल टूट गया और हत्या की बात कबूल ली. इसके बाद उसके ही निशानदेही पर पुलिस ने कटे हुए सिर को बरामद करने में सफलता पायी. पुलिस कभी भी इस कांड का खुलासा कर सकती है.





