
रांची : झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन (जेपीएससी) के नये अध्यक्ष पद पर पूर्व आइपीएस अधिकारी अमिताभ चौधरी को पदस्थापित कर दिया गया है. झारखंड सरकार की अनुशंसा के आधार पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू की ओर से उनको जेपीएससी के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति की गयी है. जेपीएससी का अध्यक्ष पद काफी साल से खाली पड़ा हुआ था और अभी सभी पदों पर बहाली निकलने वाला है, जिसको देखते हुए नये अध्यक्ष को पदस्थापित करना जरूरी था. इसको देखते हुए अमिताभ चौधरी जैसे काबिल व्यक्ति को अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है. इनकी नियुक्ति के बाद अब राज्य में बहाली की प्रक्रिया काफी तेज हो जायेगी. आपको बता दें कि झारखंड में सारी सरकारी पदों पर बहालियों को जेपीएससी ही कराता है.
कौन है अमिताभ चौधरी :
अमिताभ चौधरी इंडियन पुलिस सर्विस (आइपीएस) अधिकारी रहे है. 1984 में वे आइपीएस बने थे और पहले ही प्रयास में यूपीएससी को क्रैक कर दिया था. वे रांची जैसे जिले के एसएसपी के पद पर आसीन रहे है जबकि वे जमशेदपुर के एसपी भी रहे है. रांची में एसपी रहते हुए अमिताभ चौधरी ने गैंगस्टर सुरेंद्र बंगाल और अनिल शर्मा को जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया था, जिसके बाद से रांची शांत हो पाया. जमशेदपुर में एसपी रहते हुए भी उन्होंने कई उल्लेखनीय काम किये थे. वे आइआइटी खड़गपुर से ग्रेजुएट रहे है और टाटा स्टील में बतौर जीटी काम कर चुके है. इसके बाद वे झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) में सक्रिय हो गये और फिर लगातार वे जेएससीए के अध्यक्ष बने रहे. इस बीच उन्होंने आइजी रहते हुए अपने आइपीएस की नौकरी से इस्तीफा दे दिया. इसके बाद वे क्रिकेट को समर्पित हो गये और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव पद पर भी रहे और कई सारे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटो में बतौर पदाधिकारी जाते रहे. उनके ही मेहनत का फल है कि रांची में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनकर तैयार हो चुका है.






