
रांची : लद्दाख में भारतीय सीमा पर शहीद हुए अभिषेक कुमार का पार्थिव शरीर बुधवार की सुबह रांची के उसके पैतृक आवास चान्हो पहुंचा. यहां अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा. स्थानीय लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाये. जब तक सूरज चांद रहेगा, अभिषेक तेरा नाम रहेगा के नारे से पूरा इलाका गूंज उठा. इससे पूर्व लद्दाख में भारतीय सीमा पर शहीद अभिषेक कुमार साहू का काठीटांड रातू में विभिन्न सामाजिक व राजनैतिक संगठनों के द्वारा अश्रुपूरित नयनों से श्रद्धांजलि दी गई. सबों ने वीर शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्प मालाओं से तथा रामनामी दुपट्टों से स्वागत किया एवं सभी के हाथों में तिरंगा व भगवा झंडा लहरा रहे थे. स्वागत करने वाले संगठनों में प्रमुख रूप से बजरंग दल, विहिप, भाजपा, राष्ट्रीय युवा शक्ति एवं स्थानीय सैकड़ों देशभक्त शामिल थे.

इनमें प्रमुख रूप से बजरंग दल के प्रान्त प्रशिक्षण प्रमुख रंगनाथ महतो, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू, मांडर की पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर, पांकी विधायक शशिभूषण मेहता, बजरंग दल जिला संयोजक रोबिन कुमार महतो, रातू मंडल अध्यक्ष गोपाल प्रसाद साहू, संजीव तिवारी, विहिप जिला गोरक्षा प्रमुख किशोर चन्द्र विद्यार्थी, जिला प्रचार प्रसार प्रमुख राहुल राज सिंह, विवेक जी, अरविंद साहू, रौशन चौधरी, पवन गोप, राजेश सिंह, संतोष यादव, दिलीप ठाकुर आदि सैकड़ों लोग उपस्थित थे. पूरा काठीटांड चौक भारत माता की जय, जब तक सूरज चांद रहेगा अभिषेक तेरा नाम रहेगा, अभिषेक कुमार साहू अमर रहे से गुंजायमान हो गया. पार्थिव शरीर का भव्य स्वागत सोसई आश्रम मांडर में भी विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों एवं स्थानीय देशभक्तों के द्वारा किया गया.







