रांची : बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर भारी हलचल हुई है तो आगामी दिनों मे होने वाले राज्य सभा के मसले पर झारखण्ड मे भी बवंडर आकार ले रहा है. यह बवंडर राज्य में राजनीतिक तूफान लायेगा या मामला शांतिपूर्वक निकल जायेगा यह देखने वाली बात होगी. वर्तमान समय में इसकी पटकथा देश की राजधानी दिल्ली मे लिखी जा रही है. राज्य सभा सीट के मामले मे लगातार छः बार से सैक्रिफाइज (समझौता) करने वाली कांग्रेस इस बार झारखण्ड में खाली होने वाली दो सीटो मे से एक सीट पर चुनाव लड़ने का मन लगभग बना चुकी है. वही दूसरी तरफ सत्ताधारी झामुमो दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की खाली हुई सीट पर उनके निहायत करीबी और चहेते रहे चेहरे को चेहरा बना सकती है. विश्वासनीय राजनीतिक सूत्रों की माने तो इनमें एक चेहरा झामुमो के कद्दावर नेता और एक पूर्व मंत्री का भी हो सकता है तो दूसरा चेहरा किसी वर्तमान पदधारी का हो सकता है. ऐसे व्यक्ति को झामुमो केंद्र की राजनीति में भेज सकती है. (नीचे भी पढे़ं)
आपको बता दें कि राज्यसभा चुनाव की दो सीट पर चुनाव होना है. भाजपा के राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश का कार्यकाल जून 2026 में समाप्त हो रहा है जबकि गुरुजी शिबू सोरेन की सीट खाली हो चुकी है. ऐसे में सत्ताधारी पार्टी में ही लामबंदी चल रही है. बताया जाता है कि दो सीट में से एक सीट कांग्रेस खुद के लिए चाहती है जबकि एक सीट झामुमो चाहती है. भाजपा के पास आंकड़ा नहीं है, जिस कारण दोनों ही सीट पर सत्ताधारी इंडिया गठबंधन (पहले यूपीए) का एकाधिकार हो जायेगा. अगर अंक गणित की बात की जाये तो वर्तमान में सत्ताधारी गठबंधन के पास कुल 56 विधायक है. इसमें अकेले झामुमो के 34 विधायक है जबकि कांग्रेस के पास 16 विधायक और राजद के पास चार विधायक के साथ दो विधायक सीपीआइ माले का है. 81 में से 56 सीट इंडिया गठबंधन के पास है. राज्यसभा की सीट पर जीत हासिल करने के लिए 28 सीटों की जरूरत होगी. झारखंड में भाजपा के अकेले 22 विधायक है जबकि जदयू के एक और एलजेपी रामविलास का एक विधायक है. सबको जोड़ा जाये तो यह आंकड़ा 24 तक पहुंचती है. करीब 4 विधायक की संख्या में कमी है. जेएलकेएम के विधायक जयराम महतो की अकेले सीट है. इसको जोड़ भी लिया जाये तो भाजपा जादूई आंकड़े तक नहीं पहुंच सकता है.















