रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : रांची के धुर्वा स्थित सरना स्थल में सिंहभूम आदिवासी समाज, हरिहर सिंह रोड, रांची के सौजन्य से मागे मिलन समारोह आयोजित किया गया. इसमें पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, सांसद गीता कोड़ा, खरसावां विधायक दशरथ गगराई, पूर्व विधायक देवेंद्र नाथ चंपिया, लोकायुक्त सचिव शचीन्द्र बिरुआ, सेल्स टैक्स कमिश्नर मोहन सिंह दोराइबुरू, एडीएम चिंटू दोराइबुरू व पीपुल्स वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव डॉ विजय सिंह गगराई मुख्य रूप से उपस्थित थे. (नीचे भी पढ़ें)

समारोह से पूर्व पुजारी गुरुचरण पुर्ती ने आदिवासी रीति रिवाज से पूजा अर्चना की, जिसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, सांसद गीता कोड़ा, विधायक दशरथ गगराई एवं विजय सिंह गगराई ने मागे पर्व के गीतों पर मांदर एवं नगाड़ा की धुन पर हर्षोल्लास के साथ मागे पर्व मनाया. इस मौके पर सभी अतिथियों को स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गये एवं सम्मानित भी किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि मागे पर्व प्रत्येक आदिवासी बहुल गांव में धूमधाम से मनाने की जरूरत है. विधायक दशरथ गगराई ने लोगों को मागे पर्व की शुभकामनाएं और बधाई देते हुए खुशी पूर्वक पर्व मनाने की अपील की एवं कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने सभी लोगों से खुशी के साथ मागे पर्व मनानी की अपील करते हुए उन्हें हर तरह की मदद करने का आश्वासन दिया. देर रात तक चले इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से दामोदर सिंकू, दमयंती सिंकू, बबली दोराइबुरू, डॉ पंकज बोदरा, डॉ मनोज कोड़ा, चंदन होनहागा, गुरुचरण सिंकू समेत काफी संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित थे.



