रांची : झारखंड की राजधानी रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रदेश कार्यालय पर पेट्रोल बम से हुए हमले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास बिफर गये है. उन्होंने कड़े शब्दों में निंदा की है. रघुवर दास ने कहा है कि यह हमला वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति के कारण जिहादियों को दी जा रही छूट का नतीजा है. यह हमला केवल आरएसएस के कार्यालय पर हुआ हमला ही नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रवाद पर हमला है. इस हमले में जान माल की बड़ी क्षति हो सकती थी, लेकिन बम के नहीं फटने से बड़ी दुर्घटना टल गई. इस घटना से आस पास के लोगों में भी दहशत का माहौल है. रघुवर दास ने कहा कि राज्य में बंगलादेशी घुसपैठिये तेजी से बढ़ रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
खासकर बंगाल में भाजपा सरकार के द्वारा खदेड़े जाने पर घुसपैठियों की पनाहगार बन गया है झारखंड. जब हम बंगलादेशी घुसपैठियों की बात करते हैं, तो हमारा मकसद राष्ट्र सुरक्षा और राज्य की सुरक्षा से जुड़ा होता है जबकि झामुमो, कांग्रेस और राजद वोट बैंक और तुष्टिकरण से ग्रसित होकर मौन साध लेते हैं. श्री दास ने मांग की है कि राज्य सरकार जिहादी मानसिकता वाले दोषियों की जल्द गिरफ्तार किया जाये. उन्होंने इस मामले में राज्य की डीजीपी तदाशा मिश्र से बात कर इसके लिए एसआइटी के तत्काल गठन का आग्रह किया, ताकि दोषियों को तो पकड़ा ही जा सके. इसके पीछे की षडयंत्र का भी पर्दाफाश किया जा सके. ऐसा होने पर जिहादियों में डर पैदा होगा और आनेवाले समय में कभी भी किसी सामाजिक या राजनीतिक दल के लोगों और कार्यालयों पर हमले नहीं होंगे.







