
रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने विधायक सरयू राय को कानूनी नोटिस भेजी है. मंत्री ने अपने अधिवक्ता संजय मिश्रा के माध्यम से नोटिस भेजी है. इस नोटिस में सरयू राय द्वारा हाल में स्वास्थ्य मंत्री पर लगाये गये आरोपों का जवाब देने को कहा गया है. इसका जवाब नहीं देने पर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है. सरयू राय को 18 अप्रैल को नोटिस भेजी गयी है, जिसमें कहा गया है कि तीन दिनों में मंत्री बन्ना गुप्ता से अगर सरयू राय माफी लिखित तौर पर नहीं मांगेंगे तो कानूनी कार्रवाई की जायेगी. इस बीच सरयू राय ने खुद इस नोटिस को सार्वजनिक किया है और कहा है कि स्वास्थ्य मंत्री, झारखंड ने अपने एक वकील के माध्यम से एक नोटिस भेजा है. नोटिस ई-मेल द्वारा 18 अप्रैल की दोपहर 2 बजे उनके रांची स्थित कार्यालय को मिला है. नोटिस की मियाद 21 अप्रैल की दोपहर में ख़त्म हो जायेगी. श्री राय ने कहा है कि नोटिस इस लायक़ नहीं है कि इसका जवाब दिया जाये. श्री राय ने कहा कि नोटिस की मियाद ख़त्म होते ही मंत्री उनके ऊपर मुक़दमा करने का साहस करें. सरयू राय मुक़दमा की प्रतीक्षा करेंगे. दूसरी ओर, इस मामले में मंत्री बन्ना गुप्ता ने रांची में पत्रकारों से बातचीत की और कहा कि बरखास्त करने की बात जो की जा रही है, वह एक स्वप्न की तरह है. जिस दिन हमको लगेगा कि हमने गलती की है तो हम खुद से ही इस्तीफा दे देंगे, लेकिन कोई चाहेगा कि ये सब करें तो यह बरदाश्त नहीं होगा. उन्होंने कहा कि हर दिन किसी आरोप का जवाब देते रहे, यह भी संभव नहीं होगा. हम कानूनी कदम उठायेंगे. मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि बेवजह की राजनीति सरयू राय कर रहे है तो उसका सफाई हम रोज देते रहे, यह ठीक नहीं. झारखंड की जनता ने उनको मौका दिया है जनता की सेवा करने के लिए. वह सेवा हम कर रहे है. नीतिगत फैसले लेने के लिए सरकार काम करती है ना कि अपनी सफाई देने के लिए. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ेगी तो कोर्ट में जायेंगे.




