
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के पास स्कूटी लेकर भाग रहे चोर की सड़क हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मंगलवार की अहले सुबह मौत हो गयी. 15 अप्रैल की सुबह करीब 4 बजे की यह घटना है. मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर 17 से एक स्कूटी की चोरी हुई थी. स्कूटी की चोरी के बाद चोर उसे पारडीह की ओर ले जा रहा था. बताया जाता है कि जाने के क्रम में ही स्कूटी डिवाइडर के पास टकरा गयी, जिसमें चोर खुद घायल हो गया. उसको किसी तरह स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गयी. बताया जाता है कि चेपापुल के पास यह हादसा हुआ है. पुलिस उससे पूछताछ करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन पुलिस को वह बताने की स्थिति में नहीं था. करीब चार दिनों तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद उक्त युवक ने दम तोड़ दिया. पुलिस उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है. उसके शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम हाऊस के शीतगृह में रख दिया है.




