
रांची : झारखंड की राजधानी रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र के बींजा गांव में पिछले दिनों नवजात बच्ची के शव की बरामदगी मामले में पुलिस को सफलता मिली है. बच्ची की हत्या उसकी ही मां ने कर दी थी. बताया जाता है कि मृतक बच्ची की मां नाबालिग है और उसकी शादी नहीं हुई है. बिन ब्याही मां के कलंक के डर से उसने अपनी ही बच्ची को मार दिया था. पुलिस ने उक्त मां को गिरप्तार कर लिया है. आरोपी मां ने पुलिस को बताया कि उसने समाज के डर से ऐसा कदम उठाया. उसने यह भी कबूल किया कि हेंदगीर नामक युवक के साथ उसका अवैध संबंध हो गया था. उसके साथ उसके शारीरिक संबंध भी स्थापित हो गया था, जिसके बाद वह गर्भवती हो गयी और मां बन गयी. पुलिस ने 30 जनवरी को उक्त बच्ची का शव बरामद किया था. उक्त नाबालिग मां ने बताया कि सांसारिक मर्यादा को पार किया था, जिसकी वजह से उसको समाज में काफी जिल्लत झेलना पड़ता, लोग ताने देकर उसका जीना हराम कर देते इस कारण उसने ऐसी घटना को मजबूरी में अंजाम दे दिया. पूछताछ के दौरान उसने कबूल किया है कि 28 जनवरी को उसने बच्ची को जन्म देने के बाद जब वह घर से निकली तो सीधे एक निर्माणाधीन मकान में गयी और बच्ची का गला दबाकर बेरहमी से ही मार दिया था. करीब दो दिनों के बाद पुलिस ने उसके बच्चे का शव बरामद किया और उसको गिरफ्तार किया. उसने बताया कि बच्ची को जन्म देने के तुरंत बाद नवजात बच्ची के मुंह में कपड़े ठूंसकर उसका गला दबा दिया था, जिससे उसकी दम घुटने से मौत हो गयी. पुलिस ने उक्त लड़की को गिरफ्तार कर सुधार गृह भेज दिया है.















