
रांची : केंद्र सरकार के आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा जारी स्मार्ट सिटी रीयल टाइम रैंकिंग में झारखंड की राजधानी रांची ने बड़ी छलांग लगाई है. देखा जाए तो पिछले माह तक देश के 100 शहरों में 11वें स्थान पर रांची रही थी, जिसे इस बार अब चौथा स्थान मिला है.
राजधानी रांची ने बड़े शहरों को किया पीछे-
भारत सरकार द्वारा जारी लिस्ट के मुताबिक स्मार्ट सिटी का प्रथम स्थान मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल, दूसरा स्थान इंदौर, तीसरे स्थान पर उदयपुर, चौथे स्थान पर रांची, पांचवें स्थान पर सूरत, छठे स्थान पर वाराणसी, सातवें स्थान पर भुवनेश्वर, आठवें स्थान पर आगरा, नौंवें स्थान पर अहमदाबाद और दसवें स्थान पर विशाखापत्तनम है. वहीं झारखंड की राजधानी रांची की बात की जाए तो उसने भारत के बड़े शहरों अहमदाबाद, सूरत, वाराणसी, भुवनेश्वर और विशाखापत्तनम को पीछे छोड़ दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
कैसे दी जाती है रैंकिंग-
सरकार की नई रैंकिंग पद्धति के अनुसार स्मार्ट सिटी मिशन के तहत चल रही योजनाओं के के पूर्ण होने, परियोजना पर हुए खर्च, खर्च राशि की उपयोगिता प्रमाणपत्र जारी करने, नई परियोजनाओं के लिए कार्यादेश जारी होने, निर्माणाधीन परियोजनाओं की भौतिक प्रगति इत्यादि पर अंक का प्रावधान किया गया है. इन्हीं अंकों के आधार पर सभी शहरों का कुल प्राप्तांक निश्चित किया जाता और रैंकिंग तय होती है.





