रांची : झारखंड के रांची स्थित डोरंडा में राज्यपाल रमेश बैस और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शनिवार को देश के प्रथम राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद को उनकी जयंती पर राजेंद्र चौक पर स्थापित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित की. इसके साथ ही परमवीर चक्र विजेता अमर शहीद वीर अल्बर्ट एक्का की पुण्यतिथि पर महात्मा गांधी मार्ग (अल्बर्ट एक्का चौक) स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश के दो महान व्यक्ति को स्मरण करने का दिन है. आज देश के प्रथम राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद की जयंती एवं झारखंड के आदिवासी वीर सपूत शहीद अल्बर्ट एक्का का शहादत दिवस है. मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे महान विभूतियों के वजह से ही इतने बड़े गणतंत्र एवं लोकतांत्रिक देश में हमसभी लोग मान-सम्मान के साथ जी रहे हैं. हमें ऐसे महान विभूतियों पर गर्व है. देश के प्रथम राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद की जयंती एवं झारखंड की माटी के वीर सपूत, महान योद्धा परमवीर चक्र विजेता शहीद अल्बर्ट एक्का के शहादत दिवस पर उन्हें नमन करता हूं.






